नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश सरकार ने औद्योगिक क्रांति की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए नई दिल्ली के ताज पैलेस में ‘यूपी-जापान निवेश सम्मेलन 2026’ का भव्य आयोजन किया। इस सम्मेलन में जापान के 200 से अधिक शीर्ष सीईओ, प्रबंध निदेशकों, कंट्री हेड्स और वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश और जापान के बीच आर्थिक, तकनीकी और औद्योगिक संबंधों को नया आयाम देना था।
YEIDA सेक्टर-5ए में बनेगी 500 एकड़ की ‘जापानी सिटी’
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और राज्य में जापानी उद्योगों के लिए एक विशेष पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सेक्टर-5ए में लगभग 500 एकड़ भूमि पर एक समर्पित ‘जापानी सिटी’ विकसित की जाएगी। यह टाउनशिप जापानी कंपनियों, व्यवसायों और नागरिकों के लिए एकीकृत औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय सुविधाएं प्रदान करेगी।
दो प्रमुख जापानी परियोजनाओं का वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह
कार्यक्रम के दौरान यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में स्थापित होने वाली दो मेगा औद्योगिक परियोजनाओं का वर्चुअल भूमि पूजन (GBC) भी संपन्न हुआ:
एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड: YEIDA के सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाली इस इकाई में ₹2,029 करोड़ का निवेश किया जाएगा। इससे लगभग 4,000 रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। यह प्लांट प्रतिवर्ष 60,000 ट्रैक्टरों और कृषि उपकरणों का उत्पादन करेगा।
स्पार्क मिंडा समूह: सेक्टर-10 और सेक्टर-24 में फैली इस परियोजना में ₹1,166 करोड़ का निवेश होगा, जिससे 6,440 नौकरियों का सृजन होगा। यहाँ प्रतिवर्ष 20 लाख यूनिट ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक स्विच, सेंसर और चार्जर बनाए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश बना देश की आर्थिक वृद्धि का इंजन
सम्मेलन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय रेल एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने यूपी की मजबूत कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट्स और फ्रेट कॉरिडोर के नेटवर्क की सराहना करते हुए इसे देश का सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य बताया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर, सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में जापानी निवेश को बढ़ावा दे रही है। इस अवसर पर अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) दीपक कुमार, YEIDA अध्यक्ष आलोक कुमार, CEO राकेश कुमार सिंह तथा ACEO शैलेंद्र कुमार भाटिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Jharkhand movement ends: सोरेन सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा रद्द की, 26 दिन बाद प्रदर्शन वापस

