CM Vijay: तमिलनाडु के विधायकों की बल्ले-बल्ले, नई कार के साथ मिलेगा ₹75 हजार का भत्ता

CM Vijay: चेन्नई, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने राज्य विधानसभा में एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि सभी विधायकों (MLAs) को अपने निर्वाचन क्षेत्र में आवागमन के लिए नई कार दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों को जनता की जरूरतों को पूरा करने के लिए नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का दौरा करना पड़ता है, इसलिए सरकार उन्हें इसके लिए जरूरी सुविधाएं मुहैया कराएगी।

विधायकों को हर महीने मिलेगा 75 हजार रुपये भत्ता

सरकार की इस नई योजना के तहत विधायकों को ड्राइवर के वेतन और कार से जुड़े अन्य खर्चों के लिए हर महीने 75,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा हर विधायक के कार्यालय में एक सहायक रखने के लिए सरकार 25,000 रुपये प्रति माह अतिरिक्त उपलब्ध कराएगी। यह घोषणा वीसीके (VCK) की विधायक जोतिमणि द्वारा सदन में यह मुद्दा उठाए जाने के बाद हुई। जोतिमणि ने कहा था कि जरूरी लॉजिस्टिक सहायता के बिना विधायक प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सकते और उन्होंने विधायकों के लिए वाहनों की मांग की।

डीएमके के एक वरिष्ठ विधायक ने मीडिया रिपोर्ट के हवाले से बताया कि पिछली सरकारों ने वित्तीय बाधाओं का हवाला देकर विधायकों की इसी तरह की मांगों को नजरअंदाज किया था। उन्होंने बताया कि नगर निकाय प्रमुखों, मेयर और डिप्टी मेयर को पहले से ही सरकारी वाहन मिलते हैं, लेकिन विधायकों को यह सुविधा अब तक नहीं मिली थी, जिससे खासकर महत्वपूर्ण अवसरों पर उनकी आवाजाही सीमित रहती थी। जोतिमणि की मांग के तुरंत बाद सीएम विजय ने अपने वरिष्ठ सहयोगी एन. आनंद से इस पर बातचीत की, जिसे देखकर सदन में मौजूद विधायक काफी खुश नजर आए।

मेडिकल शिक्षा के लिए 351 करोड़ रुपये मंजूर

सरकार ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में छात्रों की प्रवेश क्षमता बढ़ाने के लिए 351 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की है। इसके तहत कुल 6,098 अतिरिक्त सीटें बनाई जाएंगी, जिनमें शामिल हैं:

660 बीएससी नर्सिंग सीटें

नर्सिंग कॉलेजों और स्कूलों में 1,925 अतिरिक्त सीटें

12 पैरामेडिकल कोर्सों में 2,778 सीटें

मेडिकल कोर्सों में 735 अतिरिक्त सीटें

इसके साथ ही राज्य में सात नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी स्थापित किए जाएंगे।

पेरम्बलूर में बनेगा 400 बेड का विश्वस्तरीय अस्पताल

सरकार ने पेरम्बलूर में 300 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 400 बेड का मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का भी ऐलान किया है। यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों को उन्नत चिकित्सा उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा।

स्वास्थ्य बीमा की सीमा 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख करने का प्रस्ताव

सरकार ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सालाना इलाज की सीमा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का प्रस्ताव भी रखा है। इसके अलावा चेन्नई के स्टेनली, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, चेंगलपट्टू, तिरुवरुर, करूर और कन्याकुमारी में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को इसी योजना के तहत अतिरिक्त मेडिकल और सर्जिकल सेवाएं दी जाएंगी।

यह भी पढ़ें: बच्चों के लिए ChatGPT का नया सेफ मोड! 13-17 साल के टीनएजर्स को मिलेंगे अलग सुरक्षा नियम, जानिए क्या बदलेगा

यहां से शेयर करें