Jantar Mantar Season 2 coming soon: नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बुधवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए बड़ा ऐलान किया कि उनके आंदोलन का ‘सीजन-2’ बहुत जल्द शुरू होने वाला है। दिपके ने बताया कि इंस्टाग्राम पर लगातार कई लोग उनसे पूछ रहे थे कि जंतर-मंतर का सीजन 2 कब आएगा, जिसके जवाब में उन्होंने नए सीजन की जल्द शुरुआत की घोषणा की। इस ऐलान के साथ ही दिपके ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप भी लगाए। उनका दावा है कि दिल्ली में पार्टी की वॉलंटियर्स मीट को रोकने के लिए ‘ऊपर से’ भारी दबाव बनाया गया।
हॉल मालिकों को धमकी देने का आरोप
दिपके ने मीडिया को बताया कि मंगलवार को दिल्ली में उनकी पार्टी की वॉलंटियर्स मीटिंग होनी थी, जिसके लिए वे हॉल की तलाश कर रहे थे, लेकिन किसी ने भी उन्हें हॉल किराए पर देने से इनकार कर दिया और सभी ने यही कहा कि ऊपर से दबाव है। बड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार एक हॉल बुक हो पाया, जिसकी रसीद भी पार्टी के पास मौजूद है।
हालांकि दिपके का आरोप है कि मीटिंग वाले दिन सुबह ही हॉल मालिकों को धमकियां मिलीं कि अगर वहां बैठक होने दी गई तो उन्हें उल्टा लटका दिया जाएगा। इसी वजह से पार्टी को अपनी योजना के मुताबिक बैठक आयोजित करने में दिक्कत आई।
BJP पर सीधा निशाना, पुलिस से भी सवाल
पूरे मामले पर दिपके ने बीजेपी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की कोशिशों से यह संकेत मिलता है कि पार्टी को युवाओं की आवाज़ से डर लगने लगा है। साथ ही CJP ने पुलिस प्रशासन से भी सवाल उठाए कि क्या वह वाकई आम लोगों के लिए काम कर रही है या दबाव में काम कर रही है। गौरतलब है कि हाल ही में यह भी चर्चा में रहा कि दिपके को BJP में शामिल होने का प्रस्ताव मिला था, जिस पर उनके पिता ने भी बयान दिया था। इन तमाम विवादों के बीच अब जंतर-मंतर सीजन-2 की घोषणा ने एक बार फिर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।

