Gaur City: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में महिलाओं का हंगामा, पति को दूसरी महिला के साथ देख पत्नी ने बाल पकड़कर पीटा, VIDEO वायरल

Gaur City:  ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी-2 स्थित 14th एवेन्यू सोसाइटी में शुक्रवार को उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ देख लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस पूरी घटना का करीब 12 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो महिलाएं एक-दूसरे के बाल खींचते और मारपीट करते हुए नजर आ रही हैं।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित दंपती के बीच पहले से ही वैवाहिक विवाद चल रहा है और यह मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। शुक्रवार को पति की एक महिला मित्र अपना फ्लैट खाली कर रही थी। सामान शिफ्ट कराने के लिए उसने युवक को 14th एवेन्यू सोसाइटी बुलाया था। इसी बीच किसी माध्यम से पत्नी को इसकी भनक लग गई और वह भी अपने पति के पीछे-पीछे मौके पर पहुंच गई। वहां पति को दूसरी महिला के साथ देखते ही पत्नी आगबबूला हो गई। पहले दोनों महिलाओं के बीच जमकर बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो शनिवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पुलिस को दी गई सूचना, लेकिन नहीं हुई लिखित शिकायत

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों ने पुलिस के सामने अपनी-अपनी बात रखी, लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया और आगे किसी तरह की कानूनी कार्रवाई न करने पर सहमति बनी।

डीसीपी बोले – जांच के आदेश दिए गए

डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि बिसरख थाना प्रभारी को घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस वायरल वीडियो और घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच में जुटी है। फिलहाल इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: Dowry Case Noida: ‘पति समलैंगिक निकला’, कार-फ्लैट के लिए गला दबाकर मारने का प्रयास; 5 लोगों पर FIR

यहां से शेयर करें