Noida Crime news: नोएडा, शहर के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग गंभीर घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एक नाबालिग किशोरी से जुड़े दुष्कर्म और गर्भपात का मामला तो दूसरी महिला व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी का है। दोनों मामलों में पुलिस सक्रिय है।
शनिवार को नोएडा जिला अस्पताल में एक 14 वर्षीय किशोरी का गर्भपात कराया गया। मेडिकल जांच में किशोरी के पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हो चुकी थी। यह गर्भपात कोर्ट और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के आदेश पर किया गया। पुलिस किशोरी को अस्पताल लेकर पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार, डॉक्टरों ने प्रक्रिया के तहत किशोरी को दवा दी और कुछ देर इंतजार करने को कहा। इसके बाद टॉयलेट में उसकी तबीयत बिगड़ गई और गर्भपात हो गया। आरोप है कि परिजन भ्रूण को अस्पताल से बाहर ले गए और कूड़े में फेंक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, भ्रूण बरामद कर जांच के लिए अस्पताल लाई। डॉक्टरों ने भ्रूण को लैब जांच के लिए भेज दिया है।
किशोरी के पिता की शिकायत पर 31 जुलाई को पास में रहने वाले 25 वर्षीय युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस में संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। लंबे समय तक दुष्कर्म का आरोप है। उसी सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में एक अन्य मामला भी दर्ज हुआ है। हिंडन विहार निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पूर्व सहकर्मी सोहिल प्रमोद देशपांडे पिछले आठ दिनों से उसे और उसके परिवार को परेशान कर रहा है। आरोप है कि युवक सोशल मीडिया पर महिला के पति, पिता और चार साल की बेटी को लेकर आपत्तिजनक व धमकी भरे पोस्ट कर रहा है। वह महिला के दोस्तों और रिश्तेदारों को भी धमका रहा है।
महिला के मुताबिक, शुक्रवार को आरोपी ने फोन कर जान से मारने और ब्लास्ट कराने की धमकी दी। पीड़िता ने बातचीत की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी है। आरोपी और महिला महाराष्ट्र में एक साथ काम कर चुके हैं और पूर्व में दोस्त भी थे। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने सोशल मीडिया, एसएमएस और फोन के जरिए धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के पोस्ट, मैसेज और कॉल की जांच कर रही है। दोनों मामले सेक्टर-49 थाना क्षेत्र से जुड़े हैं। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है। नाबालिग किशोरी के मामले में भ्रूण की लैब रिपोर्ट का इंतजार है, जबकि धमकी मामले में आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

