नोएडा। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस), नोएडा में नेशनल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के लिए विशेष बूटकैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को जनसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और प्रबंधन जैसे उभरते क्षेत्रों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना तथा उनके करियर को लेकर बेहतर समझ विकसित करना था।
बूटकैंप के दौरान विद्यार्थियों को पत्रकारिता और रेडियो प्रसारण की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। छात्रों ने न्यूज राइटिंग, रेडियो प्रोग्राम निर्माण, स्टूडियो संचालन, एंकरिंग और ऑडियो रिकॉर्डिंग जैसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इसके साथ ही उन्होंने आईएमएस के सामुदायिक रेडियो स्टूडियो का भ्रमण कर मीडिया संस्थानों के कार्य करने के तरीके को करीब से समझा।
कार्यक्रम के दौरान आईएमएस के सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन विभागों का भी परिचय कराया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल स्किल्स, नेतृत्व क्षमता, उद्यमिता और उद्योग जगत की वर्तमान आवश्यकताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्रों ने शिक्षकों और विशेषज्ञों से संवाद कर उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों और भविष्य की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम का समन्वयन ईशा व्यास ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए मीडिया, सूचना प्रौद्योगिकी और प्रबंधन के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और करियर के अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक अनुभव भी सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
आईएमएस प्रबंधन के अनुसार इस प्रकार के बूटकैंप का उद्देश्य छात्रों को स्कूल स्तर पर ही उद्योग और पेशेवर दुनिया से जोड़ना है, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही करियर का चयन कर सकें। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए इसे अपने भविष्य के लिए उपयोगी अनुभव बताया।

