ग्रेटर नोएडा। कलाधाम सोसाइटी में एक बच्चे की मौत के मामले में दो तकनीकी सुपरवाइजरों की गिरफ्तारी के विरोध में नोएडा प्राधिकरण के अस्थायी कर्मचारियों ने सोमवार को काम का बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने महाप्रबंधक (परियोजना) द्वारा जारी नए आदेश का भी विरोध करते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के चलते परियोजना और उद्यान विभाग का काम प्रभावित रहा।
धरने में शामिल कर्मचारियों का कहना है कि घटना के बाद दो तकनीकी सुपरवाइजरों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उन्हें पर्याप्त प्रशासनिक अधिकार और निर्णय लेने की शक्तियां नहीं दी गई हैं। ऐसे में किसी भी दुर्घटना के लिए सीधे सुपरवाइजरों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारियों ने बताया कि महाप्रबंधक (परियोजना) द्वारा जारी नए आदेश में कार्यस्थल पर किसी भी दुर्घटना या अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित सुपरवाइजर की जवाबदेही तय करने का प्रावधान किया गया है। उनका कहना है कि अधिकार दिए बिना केवल जिम्मेदारी तय करना कर्मचारियों के साथ अन्याय है। प्रदर्शन के कारण सोमवार को किसी भी तकनीकी सुपरवाइजर ने कार्य नहीं किया, जिससे नोएडा प्राधिकरण के परियोजना एवं उद्यान विभाग के कई कार्य प्रभावित हुए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में जेल में बंद दोनों तकनीकी कर्मियों की रिहाई, महाप्रबंधक (परियोजना) के नए आदेश को वापस लेना तथा कर्मचारियों के अधिकार और जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से निर्धारित करना शामिल है। फिलहाल प्राधिकरण की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

