Gaur City Stadium: ग्रेटर नोएडा वेस्ट। गौड़ सिटी-1 टाउनशिप स्थित स्टेडियम में सुबह और शाम टहलने पर रोक लगाए जाने से नाराज निवासियों ने शनिवार सुबह स्टेडियम के मुख्य गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
क्या है पूरा मामला
टाउनशिप की निवासी अनीता प्रजापति और अमरजीत ने बताया कि गौड़ सिटी-1 में हजारों परिवार रहते हैं, जिनमें से अधिकतर लोग रोज सुबह-शाम स्टेडियम में टहलने और व्यायाम के लिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को प्रबंधन की तरफ से एक नोटिस जारी किया गया था, जिसमें कहा गया था कि वॉकिंग ट्रैक के रिनोवेशन कार्य की वजह से करीब दो महीने तक स्टेडियम आम लोगों के लिए बंद रहेगा।
निवासियों ने उठाए सवाल
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य स्टेडियम के केवल एक छोटे हिस्से में चल रहा है, जबकि बाकी हिस्सा पूरी तरह सुरक्षित और उपयोग के लायक है। ऐसे में पूरे स्टेडियम को बंद करना अनुचित है। निवासियों का कहना है कि स्टेडियम बंद होने से उनके पास टहलने और व्यायाम के लिए कोई विकल्प नहीं बचा है, जिससे सेहत पर सीधा असर पड़ रहा है।
हर महीने देते हैं शुल्क, फिर भी प्रवेश बंद
लोगों ने यह भी बताया कि स्टेडियम में प्रवेश के लिए वे नियमित रूप से हर महीने शुल्क का भुगतान करते हैं, बावजूद इसके अब उन्हें अंदर जाने से रोका जा रहा है। इससे निवासियों में प्रबंधन के प्रति गहरा आक्रोश है।
निवासियों की मांग
प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन से मांग की है कि निर्माण कार्य वाले हिस्से को घेरकर बाकी परिसर को आम लोगों के लिए तुरंत खोला जाए, ताकि सुबह-शाम टहलने वालों को असुविधा न हो।

