Delhi World Public School: ग्रेटर नोएडा / नॉलेज पार्क, दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की 15 वर्षीय दिव्यांग छात्रा, जो राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग खिलाड़ी है, के साथ स्कूल बस चालक द्वारा लगातार यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी बस चालक लवकुश (25-26) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इटावा निवासी है और पिछले करीब दो साल से स्कूल में कार्यरत था।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला की लज्जा भंग करने की मंशा से हमला) व धारा 351(2) (आपराधिक धमकी), पॉक्सो एक्ट की धारा 9(के) (दिव्यांगता का लाभ उठाकर गंभीर यौन हमला) तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम की धारा 92(बी) व 92(डी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी को गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और बस संचालक को भी नोटिस जारी कर चालक की नियुक्ति, यात्रा विवरण और संबंधित दस्तावेज मांगे हैं।
घटना कैसे सामने आई
पीड़िता कक्षा 7 की छात्रा है। वह जन्म से दोनों कानों से सुनने में असमर्थ है और ठीक से बोल नहीं पाती। ज्यादातर इशारों से बात करती है। एम्स में कान के ऑपरेशन के बाद वह थोड़ा-बहुत सुनने लगी है। उसकी मां (इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र निवासी) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 जुलाई को बेटी ने इशारों में बताया कि स्कूल आते-जाते बस चालक उसे सबसे आखिर में उतारता है और शरीर को गलत तरीके से छूता है, अश्लील इशारे करता है तथा जबरन हाथ पकड़ता है।
स्कूल परिसर में अकेली देखकर भी आरोपी गंदे इशारे करता था। एक दिन उसने छात्रा के पैर जोर से पकड़ लिए, जिससे वह डरकर रोने लगी। आरोपी ने गर्दन पर हाथ रखकर जान से मारने की धमकी दी और कहा कि अगर माता-पिता को बताया तो मार दिया जाएगा। मेरठ में शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान भी आरोपी ने बस में आईने के जरिए अश्लील इशारे किए और एक बार अपना मोबाइल नंबर कागज पर लिखकर दिया, जिसे छात्रा ने डरकर फाड़ दिया। लंबे समय तक डर के कारण छात्रा चुप रही। 28 जुलाई को उसने दोस्त को बताया। दोस्त ने शूटिंग कोच को सूचना दी। कोच के माध्यम से स्कूल प्रशासन को पता चला। प्रधानाचार्य डॉ. हिमा शर्मा ने संबंधित चालक को बुलाया, जहां छात्रा ने उसे पहचान लिया। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। स्कूल ने चालक की सेवाएं तत्काल समाप्त कर पुलिस के हवाले कर दिया।
राष्ट्रीय खिलाड़ी छात्रा
परिजनों के अनुसार छात्रा शूटिंग की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी है। उसने हाल ही में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिल्वर पदक जीता है। इससे पहले राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण समेत तीन पदक हासिल कर चुकी है। घटना के बाद से उसकी पढ़ाई और खेल दोनों में मन नहीं लग रहा है। स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. हिमा शर्मा ने बताया कि करीब चार महीने पहले स्कूल के शूटिंग कोर्ट को थर्ड पार्टी अकादमी को दिया गया था। कोच के माध्यम से मामले की जानकारी मिली। जिस बस से छात्रा मेरठ गई थी, वही आरोपी चालक चला रहा था। स्कूल ने दावा किया कि चालक का वेरिफिकेशन कराया गया था।
पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच
ग्रेटर नोएडा पुलिस के अनुसार आरोपी कस्ना क्षेत्र का रहने वाला है। अतिरिक्त डीसीपी संतोष कुमार और डीसीपी रवि शंकर निम ने पुष्टि की कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अन्य बस चालक के बयान भी दर्ज कर रही है, जिन्होंने कथित तौर पर उत्पीड़न देखा था। स्पोर्ट्स टीम के साथ गए शिक्षकों और कर्मचारियों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को छात्रा का नंबर कैसे मिला। स्कूल प्रशासन ने बयान में कहा कि 28 जुलाई को मामले की जानकारी मिलते ही अभिभावकों को बुलाया गया, चालक को निकाल दिया गया और पुलिस को सौंप दिया गया। स्कूल छात्रा की सुरक्षा और हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जांच में सहयोग करेगा। यह मामला दिव्यांग बच्चों की सुरक्षा, स्कूल बस व्यवस्था और कर्मचारियों की पृष्ठभूमि जांच की खामियों को फिर से उजागर करता है। पुलिस जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: New Noida: न्यू नोएडा के लिए जमीन अधिग्रहण की तैयारी तेज, 31 गांवों में लेखपालों का सर्वे शुरू

