New Noida: न्यू नोएडा के लिए जमीन अधिग्रहण की तैयारी तेज, 31 गांवों में लेखपालों का सर्वे शुरू

नोएडा। New Noida (डीएनजीआईआर) परियोजना को गति देने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके तहत लेखपालों की टीम ने प्रस्तावित क्षेत्र के गांवों में सर्वे शुरू कर दिया है। यह सर्वे भविष्य में किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्राधिकरण के अनुसार, पहले चरण में 31 गांवों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां किसानों और भूमि स्वामियों से संबंधित रिकॉर्ड का सत्यापन किया जाएगा। इन कैंपों के माध्यम से भूमि संबंधी सभी आवश्यक जानकारी एकत्र कर अधिग्रहण प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाएगा।

पांच लेखपालों की टीम जुटी सर्वे में

न्यू नोएडा परियोजना के लिए हाल ही में नियुक्त किए गए पांच लेखपालों की टीम को सर्वे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह टीम संबंधित गांवों में जाकर राजस्व अभिलेखों का सत्यापन करेगी और जमीन की वास्तविक स्थिति का आकलन करेगी।

सर्वे के दौरान खेतों की वर्तमान स्थिति, भूमि स्वामियों का रिकॉर्ड, खसरा-खतौनी, मालिकाना हक, आबादी क्षेत्र की सीमा और अन्य राजस्व संबंधी विवरणों का गहन अध्ययन किया जा रहा है। इसके आधार पर आगे की अधिग्रहण प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।

आपसी सहमति से होगी जमीन की खरीद

नोएडा प्राधिकरण का उद्देश्य किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन प्राप्त करना है। इसी कारण पहले चरण में विस्तृत सर्वे कर सभी भूमि अभिलेखों को अद्यतन किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो और किसानों को उचित मुआवजा एवं पारदर्शी प्रक्रिया का लाभ मिल सके।

न्यू नोएडा परियोजना को मिलेगी रफ्तार

भूमि सर्वे शुरू होने के साथ ही न्यू नोएडा शहर को बसाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया और तेज होने की उम्मीद है। यह परियोजना भविष्य में औद्योगिक, आवासीय और व्यावसायिक विकास का नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें: नोएडा प्राधिकरण के प्लानिंग विभाग में गड़बड़ियों की जांच, जीएम मीना भार्गव के कार्यकाल पर शासन की पैनी नजर

यहां से शेयर करें