महाराष्ट्र : 4 मंजिला इमारत ढहा, 6 की मौत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

Maharashtra

Maharashtra : भिवंडी (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बालाजी नगर स्थित कोहिनूर बिल्डिंग की चार मंजिला इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सात से आठ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

Maharashtra :

रात 11:30 बजे अचानक गिरा इमारत का हिस्सा

जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात करीब 11:30 बजे पावरलूम नगरी भिवंडी के बालाजी नगर इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि 30 जुलाई की देर रात इमारत में हलचल और झुकाव दिखाई दिया था। खतरे को भांपते हुए वहां काम कर रहे कई मजदूर तुरंत बाहर निकल गए थे।

हादसे के समय इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग पहले ही बाहर आ चुके थे। हालांकि कुछ लोग अंदर फंसे रह गए।

NDRF ने मलबे से शव निकाले, महिला को जिंदा बचाया

हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स और स्थानीय दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने मलबा हटाने के दौरान कई शव बरामद किए।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने मलबे में दबी एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है।

मरम्मत के दौरान हुआ हादसा, पहले घोषित थी खतरनाक इमारत

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग में कुल 48 कमरे थे। प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि यह इमारत पहले ही खतरनाक घोषित की जा चुकी थी और इसमें मरम्मत का काम चल रहा था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे से पहले रात करीब 9 बजे इमारत से तेज दरार जैसी आवाजें सुनाई दी थीं। इसके बाद कुछ परिवारों को बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन कुछ लोग बाहर निकल पाते इससे पहले ही इमारत की बी विंग अचानक गिर गई।

Maharashtra : मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

मौके पर डॉग स्क्वॉड, चार दमकल वाहन, दो एंबुलेंस और भारी मशीनरी के साथ बचाव कार्य चल रहा है। प्रशासन की टीमें मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का मंजर

हादसे में बचे दीपक कुमार यादव ने बताया कि पास की इमारत के खंभों की मरम्मत का काम चल रहा था। उन्होंने कहा कि रात में खाना खाने के बाद सभी सो गए थे। अचानक तेज आवाज सुनाई दी और बाहर निकलने पर चारों तरफ अफरातफरी मची हुई थी। अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने पहली मंजिल से छलांग लगा दी।

वहीं स्थानीय निवासी नेहा सिंह ने बताया कि उनके पति रंजीत सिंह घटना के बाद से लापता हैं। उन्होंने कहा कि उनके पति यह कहकर नीचे गए थे कि कुछ जांच करनी है, लेकिन करीब 10 मिनट बाद ही इमारत गिर गई।

प्रशासन के अनुसार, राहत और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

Maharashtra :

यहां से शेयर करें