26.35 किलो व्यावसायिक मात्रा का गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 26.35 किलोग्राम व्यावसायिक मात्रा का गांजा और तस्करी में प्रयुक्त एक कार बरामद की है। इस कार्रवाई से राजधानी में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की खेप पहुंचने से पहले ही रोक दी गई।

अपराध शाखा की पश्चिमी रेंज-द्वितीय (डब्ल्यूआर-द्वितीय) टीम को चार जून को सूचना मिली थी कि पालम निवासी राहुल कुमार उर्फ टुटन द्वारका के पोचनपुर क्षेत्र में गांजे की खेप पहुंचाने वाला है। पुलिस ने जाल बिछाकर उसे कार सहित दबोच लिया। वाहन की तलाशी में 25 पैकेटों में 26.35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद अपराध शाखा थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 8/20/29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में राहुल ने खुलासा किया कि वह यह गांजा पामुलापति श्रीनिवास उर्फ अन्ना से लेकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर श्रीनिवास को उत्तम नगर से गिरफ्तार कर लिया। उसके बयान के बाद जांच ओडिशा के गजपति जिले तक पहुंची, जहां से मुख्य सप्लायर प्रतिनिधि कराड़ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई को ‘स्ट्रीट-टू-सोर्स’ आॅपरेशन की बड़ी सफलता बताया है।
जांच में सामने आया कि गिरोह पिछले काफी समय से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के जंगलों से गांजा मंगाकर दिल्ली-एनसीआर में तस्करों तक पहुंचा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों, वित्तीय लेन-देन, सप्लाई चेन और पूर्व में भेजी गई खेपों की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा के निर्देशन में निरीक्षक अक्षय गहलौत के नेतृत्व वाली टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार राहुल के खिलाफ पहले से एनडीपीएस, आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी और अन्य मामलों सहित पांच मुकदमे दर्ज हैं, जबकि श्रीनिवास पर भी एनडीपीएस और चोरी के मामले दर्ज हैं। अपराध शाखा का कहना है कि अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने तक अभियान जारी रहेगा।

New Delhi news

यहां से शेयर करें