द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6,250 क्वार्टर अवैध शराब के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली पुलिस के द्वारका जिले ने ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम’ अभियान के तहत अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 125 पेटियों में भरी 6,250 क्वार्टर (करीब 1,125 लीटर) देसी व भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त टेंपो भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 10/11 जुलाई की मध्यरात्रि को एंटी आॅटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) की टीम ने धूल सिरस चौक, बामडोली रोड के पास एक टेंपो को रोकने का प्रयास किया। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसकी पहचान रविंदर कुमार (31), निवासी गन्नौर, सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई।
वाहन की तलाशी में 125 पेटियों में 6,250 क्वार्टर बरामद हुए, जिन पर “फॉर सेल इन हरियाणा ओनली” अंकित था। बरामद शराब में 90 पेटी फाल्कन देसी शराब (4,500 क्वार्टर), 15 पेटी रेस-7 मेट्रो आईएमएफएल (750 क्वार्टर) तथा 20 पेटी नाइट ब्लू आईएमएफएल (1,000 क्वार्टर) शामिल हैं।
विशेष सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश पर एएटीएस प्रभारी निरीक्षक मनीष यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने हेड कांस्टेबल इंदर द्वारा विकसित गुप्त सूचना, तकनीकी निगरानी और मानवीय खुफिया तंत्र के आधार पर जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पहले भी दर्ज है आबकारी अधिनियम का मामला
आरोपी रविंदर कुमार के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है। इस संबंध में थाना सेक्टर-23 द्वारका में एफआईआर संख्या 181/26 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58(डी) में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
डीसीपी बोले, नशा तस्करों पर जारी रहेगा प्रहार
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने कहा कि ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम’ अभियान के तहत अवैध शराब और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उद्देश्य द्वारका और आसपास के क्षेत्रों को नशे के कारोबार से मुक्त कर युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना है।

 

New Delhi news

यहां से शेयर करें