शादी और सर मुंडन: नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती ने अपने परिवार की तरफ़ से शादी के लिए बनाए जा रहे दबाव से बचने के लिए अपने बाल पूरी तरह मुंडवा लिए। यह वीडियो देखते ही लोग स्क्रॉल करना भूल जाते हैं और इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
कौन हैं काजल?
इंस्टाग्राम पर @kajals_move_ नाम से सक्रिय काजल ने अपने वीडियो में बताया कि उन्हें अपने बाल बेहद पसंद थे, लेकिन घर से लगातार बढ़ते शादी के दबाव के आगे वे खुद को बेबस महसूस कर रही थीं। उनके मुताबिक़, सिर मुंडवाना उनके लिए इस दबाव के ख़िलाफ़ एक तरह का विरोध जताने का ज़रिया बन गया। उन्होंने वीडियो में यह भी साफ़ किया कि वह किसी की सहानुभूति नहीं चाहतीं, बल्कि दूसरी महिलाओं को भी अपने फ़ैसले खुद लेने के लिए प्रेरित करना चाहती हैं।
देश में शादी के दबाव की पुरानी समस्या
रिपोर्ट्स के मुताबिक़, भारत के कई हिस्सों में महिलाओं पर बीस साल की उम्र पार करते ही शादी का दबाव बनना शुरू हो जाता है। कई महिलाओं को इस दबाव में अपनी उच्च शिक्षा या नौकरी तक छोड़नी पड़ती है। कुछ महिलाएं आख़िरकार परिवार की बात मान लेती हैं, तो कुछ इस दबाव के ख़िलाफ़ खड़ी होकर अपने भविष्य का फ़ैसला खुद लेने की कोशिश करती हैं। काजल का यह क़दम भी इसी संघर्ष की एक झलक माना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर मिली प्रतिक्रिया
काजल का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूज़र्स ने उनकी हिम्मत की जमकर तारीफ़ की। कई लोगों ने सवाल उठाया कि आख़िर महिलाओं को अपने सपनों, करियर और निजी फ़ैसलों से समझौता करके ऐसे कठोर कदम क्यों उठाने पड़ते हैं। कमेंट सेक्शन में बड़ी संख्या में यूज़र्स ने लिखा कि समाज को महिलाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और उनकी पसंद का सम्मान करना सीखना चाहिए। यह मामला एक बार फिर इस बहस को हवा दे रहा है कि भारतीय समाज में महिलाओं की शादी को लेकर बनने वाला दबाव आज भी कितना गहरा है, और महिलाएं इससे निपटने के लिए किस हद तक जाने को मजबूर हो जाती हैं।

