Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में फ्लैट की खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-143 स्थित एक आवासीय फ्लैट का सौदा कर लाखों रुपये लेने के बाद फ्लैट देने से इनकार करने, रकम वापस न करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अदालत के आदेश पर कासना कोतवाली पुलिस ने दो नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में नोएडा सेक्टर-61 निवासी देवेश अग्रवाल ने बताया कि एक महिला और उसके परिचित ने खुद को सेक्टर-143 स्थित फ्लैट का मालिक बताते हुए उसे बेचने की पेशकश की। दोनों पक्षों के बीच करीब 2.43 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ। आरोपियों ने बताया कि फ्लैट बैंक में गिरवी है और भुगतान मिलने के बाद उसे बैंक से मुक्त कराकर शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम रजिस्ट्री करा दी जाएगी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने आरोपियों को कुल 79.65 लाख रुपये का भुगतान किया। इसी बीच फरवरी में उनकी पत्नी का अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। आरोप है कि इस दौरान क्षेत्र में संपत्तियों के दाम बढ़ने के बाद आरोपियों ने फ्लैट बेचने से इनकार कर दिया। काफी दबाव बनाने पर उन्होंने केवल 29.65 लाख रुपये ही वापस किए, जबकि करीब 50 लाख रुपये अब भी बकाया हैं।
देवेश अग्रवाल का आरोप है कि 2 मई की शाम जब वह अपनी ईकोटेक-6, कासना स्थित फैक्टरी पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद आरोपियों और उनके साथियों ने उन्हें घेर लिया। उनके साथ मारपीट की गई और रुपये वापस मांगना बंद करने की धमकी दी गई। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने कहा कि यदि उन्होंने पैसे मांगने का प्रयास जारी रखा तो उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य की हत्या करा दी जाएगी।
मामले में अदालत के आदेश के बाद कासना कोतवाली पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी पंकज शर्मा ने बताया कि अदालत के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बार में भीषण आग: 27 लोगों की मौत, 63 घायल, धुएं से घुटा दम

