थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक बार में लगी भीषण आग ने बड़े हादसे का रूप ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ना लाडप्राओ बार में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धुएं का घना गुबार फैल गया।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, अधिकांश लोगों की मौत आग की लपटों से नहीं बल्कि धुएं के कारण दम घुटने से हुई। राहत एवं बचाव दल को कई शव बार के पीछे स्थित शौचालयों के पास मिले, जहां लोग धुएं और आग से बचने के लिए छिप गए थे, लेकिन बाहर नहीं निकल सके।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां, पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से झुलसे और धुएं से प्रभावित कई लोगों का इलाज जारी है।
हादसे के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा के मद्देनज़र सील कर दिया गया है। पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
थाईलैंड प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन निकास (Emergency Exit) की प्रभावशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

