Agra Poison News: सास ने रखी ‘पहले मां को मारो’ की शर्त, दामाद ने मान ली बात, अपनी ही मां को जहर देकर हालत बिगाड़ी

Agra Poison News: आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी सास के इशारे पर अपनी सगी मां को जहर देकर मौत के मुंह तक पहुंचा दिया। यह वारदात जिले के पिढ़ौरा थाना क्षेत्र के गांव बरपुरा की है। पीड़िता के पति रनवीर सिंह की ओर से थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, गुरुवार शाम उनके बेटे रविंद्र ने छोले की सब्जी में जहर मिलाकर अपनी मां राममूर्ति को खिला दिया। भोजन करने के कुछ ही देर बाद राममूर्ति की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत आगरा के जीआर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच में पुष्टि की कि उन्हें जहर दिया गया था।

फिलहाल उनका इलाज जारी है और स्थिति गंभीर बनी हुई है, हालांकि डॉक्टरों ने उनकी जान बचा ली है। पूछताछ में सामने आई इस घटना की पृष्ठभूमि किसी को भी हैरान कर देने वाली है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रविंद्र की शादी 30 अप्रैल 2025 को फतेहाबाद क्षेत्र के गांव रुनवाई निवासी फूलवती की बेटी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पत्नी गर्भवती हुई तो वह अपने मायके चली गई। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो थाने तक पहुंचा। हाल ही में रविंद्र की पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी होने के बाद रविंद्र अपनी पत्नी और नवजात को ससुराल लाने के लिए गया, लेकिन सास फूलवती ने बेटी को भेजने से इनकार कर दिया।

आरोप है कि जब रविंद्र ने पत्नी को साथ ले जाने की जिद की, तो सास ने उसके सामने एक भयावह शर्त रख दी—पहले वह अपनी मां को रास्ते से हटाए, तभी बेटी और नवजात पोती को उसके साथ भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि इस शर्त का विरोध करने के बजाय रविंद्र ने इसे स्वीकार कर लिया। आरोप है कि फूलवती ने ही उसे जहर की पुड़िया मुहैया कराई, जिसे लेकर वह घर लौटा और मां के भोजन में मिला दिया। रनवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटे रविंद्र और उसकी सास फूलवती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पिता ने मामले की गहनता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि बयानों और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम ने रिश्तों की मर्यादा और सामाजिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर 33 निर्माण हादसा: निर्माणाधीन मार्केट की छत का लेंटर गिरा, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल, ठेकेदार फरार; नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही पर सवाल

यहां से शेयर करें