New Delhi news ‘चाइल्ड सेफ्टी अवेयरनेस मंथ’ अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की पीएमएमसी यूनिट ने शनिवार को किंग्सवे कैंप स्थित सर्वोदय विद्यालय, न्यू पुलिस लाइंस में ‘वी-केयर’ सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्कूल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली पुलिस की विभिन्न विशेषज्ञ इकाइयों ने विद्यार्थियों को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवादात्मक सत्रों के माध्यम से जागरूक किया। महिला एवं बाल सुरक्षा विशेष पुलिस इकाई के प्रशिक्षकों ने आत्मरक्षा की आवश्यक तकनीकों का लाइव प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित हो सके।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, पैदल यात्रियों के अनुशासन तथा जिम्मेदार सड़क व्यवहार के महत्व पर विद्यार्थियों को जानकारी दी और नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारियों ने साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र आयोजित किया। इसमें सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर धोखाधड़ी, आॅनलाइन वित्तीय ठगी, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
जनसंपर्क कार्यालय की जन संपर्क वाहन (मोबाइल डिस्प्ले वैन) भी कार्यक्रम का आकर्षण रही। इसके माध्यम से बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और अन्य जागरूकता विषयों पर आधारित जानकारीपूर्ण वीडियो प्रदर्शित किए गए।
कार्यक्रम का समापन दिल्ली पुलिस आॅर्केस्ट्रा बैंड की मनमोहक प्रस्तुति के साथ हुआ। बैंड ने देशभक्ति गीतों और लोकप्रिय धुनों की प्रस्तुति देकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का भरपूर मनोरंजन किया, जिसे सभी ने उत्साहपूर्वक सराहा।
बच्चों को जागरूक करना है कार्यक्रमों का उद्देश्य
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान उपराज्यपाल के निदेर्शों तथा दिल्ली पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में पूरे महीने विभिन्न विद्यालयों में संचालित किया जा रहा है।
क्या कहते हैं डीसीपी/एसपीयूडब्ल्यूएसी
डीसीपी/एसपीयूडब्ल्यूएसी नेहा यादव (आईपीएस) ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और साइबर सुरक्षा की जानकारी आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा दिल्ली पुलिस इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।

New Delhi news

