नोएडा। एक पॉडकास्ट के दौरान इस्लाम धर्म के अंतिम पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में नाजिया इलाही खान के खिलाफ मुस्लिम समाज में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस नाराजगी ने अब कानूनी रूप ले लिया है।
थाना सेक्टर-24 में दर्ज हुई शिकायत
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़ीं जीनत अंसारी ने थाना सेक्टर-24, नोएडा में लिखित शिकायत देकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जीनत अंसारी ने अपनी शिकायत में कहा कि नाजिया इलाही खान द्वारा दिए गए कथित बयान से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं गहरी रूप से आहत हुई हैं और इस प्रकार की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं। शिकायत में संबंधित बयान की जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। साथ ही नाजिया इलाही खान की गतिविधियों एवं पृष्ठभूमि की भी जांच किए जाने की मांग की गई है।
भाजपा ने किया संबंध से इनकार
जीनत अंसारी ने स्पष्ट किया कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी पहले ही यह साफ कर चुके हैं कि नाजिया इलाही खान का भारतीय जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने मीडिया संस्थानों से अपील की कि नाजिया इलाही खान को भाजपा नेत्री के रूप में प्रस्तुत न किया जाए।
पुलिस ने दिया जांच का आश्वासन
शिकायत थाना सेक्टर-24 पुलिस को सौंप दी गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। फिलहाल प्रकरण पुलिस के संज्ञान में है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी। इस मौके पर भाजपा नेता अहसान खान, समाजसेवी जावेद खान इरफान और यूनुस अल्वी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

