नोएडा/ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल यानी 27 जून को गौतम बुद्ध नगर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान वे दो बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जो न केवल प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाएंगी बल्कि क्षेत्र को भारत का ‘इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग हब’ बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होंगी।
पहला पड़ाव: यीडा सेक्टर-10 में हेलिकॉप्टर लैंडिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स प्लांट का उद्घाटन
मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-10 में उतरेगा। यहीं पर अंबर एंटरप्राइजेज और एसेट (Ascent K. Circuit Pvt. Ltd.) कंपनी के इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन व शिलान्यास किया जाएगा। Ascent K. Circuit Pvt. Ltd. के सेक्टर-10 में स्थापित होने वाली इकाई फ्लेक्सिबल पीसीबी, एचडीआई पीसीबी और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स के उत्पादन पर केंद्रित होगी, जो भारत की ‘सेमीकंडक्टर आत्मनिर्भरता’ के लक्ष्य को मजबूती देगी। वहीं Amber Enterprises India Ltd. सेक्टर-8 में 100 एकड़ भूमि पर 3,532 करोड़ रुपये के निवेश से एक विशाल इकाई स्थापित करेगी, जहां पीसीबी असेंबली, कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों का उत्पादन होगा। केंद्र सरकार की ईएमसी योजना के तहत 206 एकड़ में विकसित हो रहे इस क्लस्टर को पिछले साल मंजूरी मिली थी और इस परियोजना में केंद्र व यीडा दोनों का सहयोग शामिल है। यीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) शैलेंद्र भाटिया ने कहा, “ईएमसी यीडा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। यह केवल एक औद्योगिक क्लस्टर नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र को वैश्विक स्तर का विनिर्माण केंद्र बनाने का विजन है।”


दूसरा पड़ाव: सेक्टर-96 में नोएडा प्राधिकरण के नए मुख्यालय का उद्घाटन
यीडा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नोएडा के सेक्टर-96 में नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के बहुप्रतीक्षित नए मुख्यालय का उद्घाटन करेंगे।
दस साल का इंतजार होगा खत्म
जिस संस्था ने पिछले कई दशकों में नोएडा को खेतों और गांवों से निकालकर आधुनिक गगनचुंबी इमारतों, चौड़ी सड़कों, एक्सप्रेसवे, आईटी पार्कों और वैश्विक निवेश के केंद्र के रूप में विकसित किया, उसी प्राधिकरण के पास आज तक अपना स्थायी और एकीकृत मुख्यालय नहीं था।यह परियोजना अपनी विकास यात्रा में काफी उतार-चढ़ाव देख चुकी है। साल 2016 में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट कोविड संकट और ठेकेदारों की अड़चनों के कारण लंबा खिंच गया। प्रशासनिक भवन का लोकार्पण कई बार टल चुका है। पहले प्राधिकरण के 50वें स्थापना दिवस 17 अप्रैल को इसका शुभारंभ होना था, लेकिन श्रमिक आंदोलन की वजह से यह टल गया था।
भव्य और आधुनिक है नया भवन
6 एकड़ भूमि पर फैले इस परिसर में 7 मंजिला टावर बनाया गया है। 390 करोड़ की मूल लागत से शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट डिजाइन में बदलाव और आधुनिक सुविधाओं के समावेश के बाद अब 930 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
एक छत के नीचे आएंगे सभी विभाग, मिलेगी राहत
वर्तमान में नोएडा प्राधिकरण के विभिन्न विभाग अलग-अलग स्थानों से संचालित हो रहे हैं। इससे समन्वय में समय लगता है और आम लोगों को भी कई बार असुविधा का सामना करना पड़ता है। नए भवन के शुरू होने के बाद नागरिकों को विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, डीसीपी नोएडा साद मियां खान सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय का मौका-मुआयना किया और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हल्के ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। नागरिकों से अनुरोध है कि वे कार्यक्रम स्थलों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचें।

