गुरुवार सुबह ग्रेटर नोएडा वेस्ट के टेकजोन-4 स्थित गोल्डन आई मॉल की एक कमर्शियल बिल्डिंग में अचानक आग लग जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना थाना बिसरख क्षेत्र की है, जहां मॉल की टी-3 टावर की नौवीं मंजिल पर बने एक बंद कार्यालय में आग लगी। बताया जा रहा है कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे आग की लपटें दिखनी शुरू हुईं, जो कुछ ही मिनटों में पूरे फ्लोर में फैल गईं। ऊंची इमारत से उठता घना और काला धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा, जिसे देखकर डी-मार्ट के पास मौजूद और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मॉल और आसपास की दुकानों में मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर विभाग को दी।
पांच दमकल गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म रवाना
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की पांच गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाहन तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया। ऊंची मंजिल पर आग लगने के कारण बचाव अभियान में खास सावधानी बरती गई। शुरुआती दौर में कुछ लोगों के बिल्डिंग के भीतर फंसे होने की सूचना मिलने पर हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म को भी एहतियातन भेजा गया था, लेकिन मौके पर पहुंचकर जांच करने पर यह सूचना गलत निकली। जिस कार्यालय में आग लगी थी, वह घटना के वक्त पहले से बंद था और सूचना देने वाला व्यक्ति खुद सुरक्षित बाहर निकल चुका था। बंद ऑफिस होने के चलते अंदर धुआं काफी भर चुका था, जिसके कारण दमकल कर्मियों को बी.ए. (ब्रीदिंग अपैरेटस) सेट पहनकर भीतर जाना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे इमारत के अन्य हिस्सों या ऊपरी मंजिलों तक फैलने से रोक दिया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि घटना के असल कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फायर विभाग की टीम आग बुझाने के साथ ही इसकी तकनीकी जांच में भी जुटी है। इसके अलावा प्रशासन और फायर विभाग अब बिल्डिंग में लगे फायर सेफ्टी उपकरणों और अग्निशमन व्यवस्थाओं की भी पड़ताल करेंगे, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन हो रहा था या नहीं। आग से संपत्ति को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन अभी किया जा रहा है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ स्थानीय निवासियों ने वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए प्राधिकरण और पुलिस को टैग करते हुए कमर्शियल इमारतों में फायर सेफ्टी नियमों के पालन पर सवाल उठाए।
सीएफओ ने कहा — कोई जनहानि नहीं
गौतमबुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम को सुबह करीब 9:40 बजे टेकजोन-4 स्थित बिल्डिंग की नौवीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी के फंसे होने की सूचना गलत साबित हुई और वह व्यक्ति पहले ही खुद बाहर आ चुका था। सीएफओ के मुताबिक घटना में किसी को चोट नहीं आई है और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई है।
फायर विभाग के अनुसार राहत की बात यह रही कि समय पर की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टलने से बचा लिया गया और सभी लोग सुरक्षित हैं। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और अधिकारी घटना के सही कारणों तथा बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें: सीएम योगी का गौतम बुद्ध नगर दौरा: प्रशासन पुलिस अलर्ट, इनका होगा शुभारंभ

