मुंबई लोकल में दरवाज़ा बंद करने की बात पर खूनी विवाद, चाकू मारकर युवक की हत्या; हमलावर फरार

मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली उपनगरीय लोकल ट्रेन में सोमवार रात एक मामूली विवाद ने 22 वर्षीय युवक की जान ले ली। विरार निवासी सेल्समैन मयंक रमेश लोहार की चलती ट्रेन में कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है और लोकल ट्रेनों में यात्री सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, मयंक लोहार और एक अन्य सहयात्री के बीच यह झगड़ा चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में हुआ। एक यात्री चाहता था कि बारिश के कारण दरवाज़ा बंद रखा जाए, जबकि दूसरा इसके लिए तैयार नहीं था। भारी बारिश के बीच ट्रेन संख्या 90663 में अंधेरी और बोरीवली स्टेशन के बीच यह विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया। बोरीवली जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दत्ताराय खुपेरकर के मुताबिक, मयंक रात 10:42 बजे अंधेरी स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे। भीड़ अधिक होने के कारण दोनों यात्री दरवाज़े के पास खड़े थे, और देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया। बहस के दौरान आरोपी ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार निकाला और मयंक के पेट में वार कर दिया। 

घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, इलाज के दौरान मौत

हमला करने के बाद आरोपी रात 11:04 बजे ट्रेन के बोरीवली स्टेशन पर रुकने से पहले प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास चलती ट्रेन से ही कूद गया और स्टेशन परिसर से फरार हो गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र तुरंत सक्रिय कर दिया गया और मिनटों के भीतर आरपीएफ व जीआरपी के जवान कोच में पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल मयंक को स्ट्रेचर की मदद से निकाला गया, बोरीवली स्टेशन के इमरजेंसी मेडिकल रूम में डॉक्टरों ने उनकी जांच की, और फिर एम्बुलेंस से कांदिवली के शताब्दी अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 

घटना का वीडियो वायरल

हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें बोगी के भीतर यात्रियों की चीख-पुकार साफ सुनाई देती है और चाकू देखकर हर कोई सहमा हुआ नज़र आता है। 

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला, मनहंट शुरू

बोरीवली जीआरपी ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान की जा रही है। हत्या के बाद से ही आरोपी फरार है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पूरी घटना की कड़ी जोड़ने में जुटी है। वेस्टर्न रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशंस ऑफिसर विनीत अभिषेक ने बताया कि बोगी और प्लेटफॉर्म के सभी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करके जांच एजेंसियों को सौंप दिए गए हैं। जीआरपी की विशेष टीमें फरार आरोपी की तलाश में जुटी हैं।

बारिश के बीच बढ़ा तनाव

गौरतलब है कि मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मानसून के देरी से पहुंचने के बाद हुई भारी बारिश के कारण बीते 24 घंटों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया। इसी मौसमी अव्यवस्था के बीच ट्रेन के डिब्बे में दरवाज़ा खुला या बंद रखने की बहस ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई। इस वाकये ने एक बार फिर मुंबई की उपनगरीय लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा, पुलिस की मौजूदगी और आपातकालीन तंत्र को लेकर बहस छेड़ दी है, जिनमें रोज़ाना लाखों यात्री सफर करते हैं।

यह भी पढ़ें: कोलकाता में निर्माणाधीन फैक्ट्री शेड ढहने से हादसा: 3 मजदूरों की मौत, 60 से अधिक फंसे, बचाव अभियान जारी

यहां से शेयर करें