डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पांच दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू, कूलिंग ऑपरेशन जारी
आज दिनांक 21.06.2026 को थाना फेस-1 क्षेत्रांतर्गत B 29, सेक्टर-9 में शिव इलेक्ट्रिकल नाम की कंपनी की बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर में आग लगी। सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस बल व फायर ब्रिगेड तत्काल मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया और समय रहते बुझा भी दिया। कोई फंसा हुआ नहीं है, कोई जनहानि नही हुई है। अचानक भीषण आग लग जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हैवेल्स कंपनी के परिसर से उठती आग की ऊंची लपटें और आसमान में फैलता धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिसर में मौजूद सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस हादसे में किसी भी व्यक्ति की जान को कोई खतरा नहीं हुआ।
गौतमबुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक, शाम करीब 5:15 बजे विभाग को इमारत के ऊपरी तलों पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही तुरंत तीन दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गईं। टीम के पहुंचने पर पता चला कि ऊपरी तल पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की थी। शुरुआत में आग का आकार छोटा था, लेकिन परिसर में मौजूद इलेक्ट्रिकल उपकरणों और कार्डबोर्ड के भारी स्टॉक के चलते धुआं बेहद तेजी से फैल गया।
घना धुआं देखते हुए दमकलकर्मियों ने ‘बीए सेट’ (ब्रीदिंग अपैरेटस) पहनकर परिसर के भीतर प्रवेश किया। कुल पांच फायर टेंडरों को घटनास्थल पर तैनात किया गया, जिनकी मदद से करीब डेढ़ घंटे की लगातार फायर फाइटिंग और कूलिंग प्रक्रिया के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग बुझाने के बाद भी मलबे और बची हुई गर्मी के कारण आग के दोबारा भड़कने की आशंका को रोकने के लिए परिसर में शीतलीकरण (कूलिंग ऑपरेशन) का कार्य सक्रियता से चलाया जा रहा है। सीएफओ चौबे ने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या झुलसने की कोई खबर नहीं है। हालांकि कंपनी की संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, जिसका आकलन किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच जारी है, और इसके साथ ही नोएडा प्राधिकरण व अग्निशमन विभाग कंपनी परिसर में मौजूद फायर सेफ्टी उपकरणों और सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल करेंगे। घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और स्थिति पर निगरानी बनाए रखी।

