किसानों के लिए आज बड़ा दिन, पीएम मोदी जारी करेंगे पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त

Prime Minister Kisan Samman Nidhi

PM Kisan Samman Nidhi : नई दिल्ली/हुगली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना से जुड़े करोड़ों किसानों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे 2-2 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।

PM Kisan Samman Nidhi :

सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस किस्त के माध्यम से किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए भेजी जाएगी। कार्यक्रम दोपहर 3:45 बजे शुरू होगा, जिसके बाद किसानों के खातों में किस्त की राशि भेजी जाएगी।

9.44 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ

पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। आज जारी होने वाली 23वीं किस्त का लाभ 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को मिलने जा रहा है।

पश्चिम बंगाल से होगी किस्त की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। इसी दौरान वह हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम से 23वीं किस्त जारी करेंगे। इसके साथ ही वह कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास भी करेंगे।

PM Kisan Samman Nidhi :

ऐसे करें लाभार्थी सूची में अपना नाम चेक

किसान यह जान सकते हैं कि उन्हें किस्त का लाभ मिलेगा या नहीं। इसके लिए पीएम किसान योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर लाभार्थी सूची देखी जा सकती है। वहां राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव का चयन करने के बाद पूरी सूची सामने आ जाएगी।

किस्त आने पर मिलेगा मैसेज

23वीं किस्त जारी होने के बाद लाभार्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजा जाएगा। इसके अलावा बैंक की ओर से भी खाते में राशि जमा होने की सूचना दी जाएगी। किसान एटीएम, पासबुक एंट्री या नेट बैंकिंग के जरिए भी भुगतान की पुष्टि कर सकते हैं।

सिर्फ पात्र किसानों को मिलेगा लाभ

सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ केवल पात्र किसानों को ही दिया जाता है। जांच के दौरान अपात्र पाए जाने वाले आवेदनों को निरस्त कर दिया जाता है। एक परिवार में केवल उसी सदस्य को योजना का लाभ मिलता है जिसके नाम पर कृषि भूमि दर्ज होती है।

सहायता के लिए हेल्पलाइन उपलब्ध

यदि किसी किसान को योजना से संबंधित कोई समस्या है या किस्त को लेकर जानकारी चाहिए तो वह पीएम किसान योजना के हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1551 पर संपर्क कर सकता है।

सरकार और कृषि मंत्रालय के अनुसार, 23वीं किस्त का वितरण किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। करोड़ों किसान अब दोपहर बाद अपने खातों में राशि आने का इंतजार कर रहे हैं।

PM Kisan Samman Nidhi :

यहां से शेयर करें