दिल्ली के मुकुंदपुर में LPG सिलेंडर ब्लास्ट से मकान ढहा, मलबे में दबे लोग; 6 लोगों को निकाला गया, दो घायल

दिल्ली के मुकुंदपुर-II इलाके में मंगलवार सुबह एक जोरदार LPG सिलेंडर विस्फोट के बाद एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया, जिसमें कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और सर्च-रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 9:37 बजे मुकुंदपुर-II के इशु विहार की गली नंबर 1 में धमाके और मकान गिरने की सूचना मिली थी। तत्काल पांच फायर टेंडर को मौके पर भेजा गया। स्टेशन ऑफिसर गिरिराज ने बताया कि लगभग 250 वर्ग गज के इस मंजिला मकान का ढांचा LPG सिलेंडर फटने के कारण पूरी तरह गिर गया।

रेस्क्यू अभियान में 6 लोगों को किया गया बचाव

खोज और बचाव अभियान में अब तक छह लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए बीएसए अस्पताल ले जाया गया है । हालांकि, अभी और लोगों के मलबे में फंसे होने की संभावना नहीं जताई जा रही है, लेकिन मलबा हटाने का काम जारी है। घटनास्थल पर पहुंचे दमकल कर्मी लगातार मलबा हटा रहे हैं और किसी भी व्यक्ति के फंसे होने की जांच कर रहे हैं। आपातकालीन टीमें स्थिति का पीआर जायजा ले रही हैं और आगे की जानकारी का इंतजार है।

जानकारी के मुताबिक मजदूरों का था निवास

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस 250 वर्ग गज के मकान में कुछ मजदूर अपने परिवार के साथ रहते थे। सुबह के समय घर में मौजूद लोगों की संख्या को लेकर पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस और दमकल विभाग मिलकर घटना की जांच कर रहे हैं।

साकेत में हुए हादसे के कुछ दिन बाद फिर हादसा

यह घटना दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास सैदुलजाब में 29 मई को हुए बिल्डिंग ढहने के हादसे के कुछ दिन बाद हुई है । उस हादसे में 12 लोगों को बचाया गया था, जिनमें दो की चोटें गंभीर थीं । मुकुंदपुर में हुए इस हादसे से दिल्ली में इमारतों की सुरक्षा और LPG सिलेंडर के हैंडलिंग पर फिर से सवाल उठे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी और उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है कि सिलेंडर ब्लास्ट का कारण क्या था- गैस लीक, गलत हैंडलिंग या कोई तकनीकी खराबी।अधिकारियों ने कहा कि मलबा हटाने का काम जारी है और यदि कोई और व्यक्ति मलबे में फंसा है तो उसे निकाल लिया जाएगा। स्थानीय निवासी भी रेस्क्यू टीम की मदद कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, नौ मारे गए; लेबनान में इजराइल-हिजबुल्लाह के बीच आंशिक युद्धविराम लेकिन हमले जारी

यहां से शेयर करें