भीषण गर्मी और लू की मार से बेहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों को राहत मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है, लेकिन यह राहत बिना खतरे के नहीं आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार (29 मई) के लिए राजधानी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें शाम को तेज़ आंधी, गरज-चमक और बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है।
गुरुवार रात बदला मौसम का मिज़ाज
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 28 मई यानी गुरुवार की रात से ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी। रात में तेज़ आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज़ हवाएं चलीं, जिससे अचानक बदले मौसम ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दे दी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा सहित कई इलाकों में तेज़ आंधी के साथ बारिश हुई, जिसके बाद शुक्रवार की सुबह तेज़ धूप खिलने से उमस का भी अहसास हुआ। निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञ महेश पालावत के मुताबिक, इस आंधी-तूफान की शुरुआत सबसे पहले उत्तरी राजस्थान के हिस्सों में हुई, जो धीरे-धीरे आगे बढ़कर दिल्ली-एनसीआर तक पहुंची।
आज शाम भी खतरनाक तूफान की आशंका
IMD ने आज (29 मई) दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहने और 70 किमी/घंटे तक तेज़ हवाओं के साथ शाम या रात में तेज़ आंधी-बारिश की संभावना जताई है। तूफानी हवाओं की रफ़्तार 60-70 किमी/घंटे रहेगी और पीक पर यह 80 किमी/घंटे तक जा सकती है। विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट में चेतावनी दी गई है कि इतनी तेज़ हवाओं से पेड़, बिजली के खंभे और अस्थायी ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है। भीषण गर्मी के बाद अचानक मौसम में यह बदलाव लोगों को राहत तो देगा, लेकिन तेज़ हवाओं और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है।
30 और 31 मई को येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज, जबकि शनिवार (30 मई) और रविवार (31 मई) के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि पूरे सप्ताहांत मौसम सतर्कता बनाए रखने की ज़रूरत है।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शुक्रवार को इस तूफान की तीव्रता और अधिक बढ़ सकती है और यह सिलसिला 30 और 31 मई तक जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और बिहार सहित कई अन्य राज्यों में भी 28 से 31 मई के बीच आंधी-बारिश की संभावना जताई है।
तापमान में बड़ी गिरावट अधिकतम 35-37 डिग्री तक
आज न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 मई तक अधिकतम तापमान में 8-10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। गौरतलब है कि महज़ कुछ दिन पहले तक दिल्ली में पारा 43-44 डिग्री के पार था।
राहत अस्थायी 1 जून से फिर चढ़ेगा पारा
हालांकि, यह राहत लंबे समय तक नहीं रहने वाली। मौसम साफ होते ही 1 जून से गर्मी वापस लौटेगी। 1 जून को तापमान 37-39 डिग्री और 2 जून को 39-41 डिग्री तक चढ़ सकता है। 2 जून को तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचने का अनुमान है। यानी जून की शुरुआत के साथ ही एक बार फिर लू और उमस का दौर लौट आएगा।
सावधानी ज़रूरी खुले में न रहें
IMD ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर 29 मई को बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। तेज़ आंधी और बिजली-बारिश के दौरान खुले में न रहें और इस दौरान घर में रहने की सलाह दी जाती है। प्रशासन ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से शाम के बाद घर से बाहर न निकलें, कच्चे मकानों के पास न खड़े हों और पेड़ों के नीचे आश्रय न लें।

