New Delhi news राजधानी में यातायात व्यवस्था को अधिक स्मार्ट और प्रभावी बनाने की दिशा में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य सड़क मार्गों पर लगाए गए वैरिएबल मैसेज साइन (वीएमएस) बोर्डों को अत्याधुनिक तकनीक के साथ अपग्रेड किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को वास्तविक समय में यातायात संबंधी जानकारी उपलब्ध कराकर सफर को अधिक सुगम बनाना है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शहर में लगाए गए कुल 92 वीएमएस बोर्डों में से अब तक 42 बोर्डों को उन्नत ट्रैफिक मॉनिटरिंग और कंट्रोल सिस्टम से जोड़ा जा चुका है। इन बोर्डों पर सड़क उपयोगकतार्ओं को ट्रैफिक जाम, मार्ग परिवर्तन, दुर्घटनाओं, मौसम संबंधी अलर्ट, सड़क बंद होने की सूचना, विशेष यातायात व्यवस्थाओं और अनुमानित यात्रा समय जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां तत्काल उपलब्ध कराई जाएंगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस तकनीक आधारित व्यवस्था से लोग अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे और वैकल्पिक मार्गों का चयन कर अनावश्यक देरी से बच सकेंगे। इससे शहर में ट्रैफिक दबाव कम करने और यातायात प्रवाह को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
नई व्यवस्था से ईंधन की खपत कम होगी
ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि नई व्यवस्था से सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलने के साथ-साथ ईंधन की खपत और वाहनों से होने वाले उत्सर्जन में भी कमी आएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन उपायों को प्राथमिकता दी जाएगी।
New Delhi news

