काम पर जा रहे युवक दीपक को बाइक सवारों ने भूना, पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर, दो नाबालिग भी गिरफ्त में

ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव में रात 10 बजे हुई वारदात, 5-6 गोलियां मारकर हत्या; पुलिस एनकाउंटर में अमन व संदीप घायल, तीन तमंचे बरामद

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत वैदपुरा गांव में बुधवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक 28 वर्षीय युवक की गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान वैदपुरा निवासी दीपक नागर (28) के रूप में हुई है। वारदात के वक्त दीपक दिल्ली के गाजीपुर स्थित अपनी कंपनी जा रहा था। घटना ने पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल पैदा कर दिया, लेकिन पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कैसे हुई वारदात

घटना गांव के बाहर की है। ग्रामीणों के मुताबिक बाइक सवार हमलावरों ने दीपक को 5 से 6 गोलियां मारी हैं। वारदात की खबर मिलते ही देर रात तक अस्पताल में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। परिजन और स्थानीय लोग घायल दीपक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई।

24 घंटे में पुलिस का एनकाउंटर, खुला राज

पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि हत्या में शामिल दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बहलोलपुर अंडरपास से एफएनजी रोड की ओर आ रहे हैं। जब पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों को रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी

घायल आरोपियों की पहचान अमन पुत्र वीर सिंह, निवासी बुलंदशहर हाल निवासी चोटपुर कॉलोनी सेक्टर-63 तथा संदीप कुमार पुत्र संजय सिंह, निवासी बुलंदशहर हाल निवासी चोटपुर कॉलोनी सेक्टर-63 के रूप में हुई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। यह बरामदगी इस बात की पुष्टि करती है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने निकले थे।

पुलिस की प्रतिक्रिया

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दीपक हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। फिलहाल आपसी रंजिश की वजह से वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।  पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने इस वारदात को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। खुलेआम और निर्भीक होकर की गई इस हत्या ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को दबोचकर यह संदेश देने की कोशिश की है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें: नशे के सौदागर: हिस्ट्रीशीटर तस्कर विकास समेत सेक्टर-8 की जेजे कॉलोनी बनी अवैध गांजे का गढ़, बार-बार हो रही गिरफ्तारियां फिर भी नहीं टूट रही तस्करों की कमर

यहां से शेयर करें