50 वर्षीय बुजुर्ग सुभाष को घर में घुसकर पीटा, कई राउंड फायरिंग की

पुरानी रंजिश में मोन्टी उर्फ कविन्द्र, शिवम और आशीष ने किया हमला; मुकदमा संख्या 0219/2026 दर्ज; मुख्य आरोपी पहले भी है आपराधिक मामलों में नामजद

दिल्ली-एनसीआर की सीमा से सटे ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। दादरी थाना इलाके के मायचा गांव में हथियारों से लैस दबंगों ने 50 वर्षीय एक बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ फायरिंग और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने न सिर्फ पीड़ित के घर में घुसकर बर्बरता की, बल्कि जान से मारने की नीयत से गोलियां भी दागीं। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया।

कैसे हुई वारदात

19 मई 2026 को पीड़ित ने थाना दादरी में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोगों ने उसके पिता सुभाष के साथ घर में घुसकर मारपीट की। हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला करने के साथ जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की और घर में तोड़फोड़ की। हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बुजुर्ग सुभाष चपराना के हाथ-पैर तोड़ दिए। दबंगों ने बुजुर्ग को जमीन पर गिराकर इतनी बेरहमी से पीटा कि वे दर्द से चिल्लाते रहे, लेकिन हमलावर लगातार वार करते रहे। हमले में पीड़ित की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और गाड़ी के मुख्य हिस्से पर गोलियों के गहरे निशान मौजूद हैं, जो इस बात का पुख्ता सबूत है कि हमलावर हर हाल में बुजुर्ग की जान लेने के इरादे से आए थे।

पीड़ित की हालत गंभीर

लहूलुहान और बेसुध हालत में पड़े बुजुर्ग को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण पीड़ित की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

मुकदमा दर्ज, तीनों आरोपी गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर थाना दादरी में मुकदमा संख्या 0219/2026 धारा 115(2), 333, 109(1), 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी डीएमआईसी से मायचा की मढ़ैया की तरफ जाने वाले रेलवे फ्लाईओवर के पास मौजूद हैं, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोन्टी उर्फ कविन्द्र पुत्र गजराज सिंह निवासी ग्राम मायचा, शिवम कुमार पुत्र दयाराम निवासी ग्राम जमालपुर थाना अगौता जनपद बुलंदशहर तथा आशीष कुमार पुत्र जसपाल निवासी ग्राम मायचा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और दो डंडे बरामद किए।

मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी मोन्टी उर्फ कविन्द्र के खिलाफ पहले भी थाना दादरी में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज है। इससे स्पष्ट होता है कि इलाके में उसका आपराधिक रवैया पुराना है और यह वारदात अचानक नहीं, बल्कि सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा थी।

पुलिस की चेतावनी

इस सनसनीखेज मामले को लेकर दादरी थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रेटर नोएडा के ग्रामीण इलाकों में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

यह भी पढ़ें: जूनियर एनटीआर: अफीम के कारोबार का Dragon का धमाका, प्रशांत नील KGF-सालार के बाद लेकर आए नया खतरनाक साम्राज्य

यहां से शेयर करें