17,800 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की एंटी नारकोटिक्स सेल का बड़ा एक्शन
New Delhi news  दिल्ली को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17,800 अल्प्राजोलम (एनआरएक्स) टैबलेट बरामद की हैं, जिनका कुल वजन 2 किलोग्राम से अधिक तथा अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। यह बरामदगी भारत में निर्धारित कमर्शियल क्वांटिटी से 20 गुना अधिक है।
स्कूटी पर सप्लाई के लिए ले जा रहा था 15 हजार टैबलेट
एंटी नारकोटिक्स सेल को 11 मई 2026 को सूचना मिली थी कि संतोष कुमार ठाकुर नामक व्यक्ति इलाके में साइकोट्रॉपिक दवाओं की सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर एएसआई सुधीर, हेड कांस्टेबल दिलशाद और कांस्टेबल इंदरजीत की टीम का गठन इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व में किया गया।
टीम ने शांतिवन रेड लाइट से आईटीओ जाने वाली सर्विस रोड के पास छापा मारकर आरोपी संतोष कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी से 25 डिब्बों में पैक 15,000 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं।
इसके बाद थाना दरियागंज में एफआईआर संख्या 162/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 22/25/29 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मेडिकल स्टोर पर छापा, 2,800 और टैबलेट बरामद
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि बरामद दवाएं साहिबाबाद, गाजियाबाद स्थित श्री कृष्णा मेडिकोस के संचालक आनंद कुमार वैष्णव से ली गई थीं। पुलिस ने उसी रात मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर 2,800 अतिरिक्त अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद कर आरोपी आनंद कुमार वैष्णव को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य सप्लायर भी दबोचा गया
आगे की जांच में मुख्य सप्लायर शेरखान का नाम सामने आया, जिसे 13 मई को पिलखुवा, जिला हापुड़ (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि शेरखान मेडिकल स्टोर चलाने के साथ-साथ दवाओं की थोक सप्लाई का काम भी करता था और वही आनंद कुमार वैष्णव को अल्प्राजोलम टैबलेट उपलब्ध कराता था।

New Delhi news

यहां से शेयर करें