मजे के चक्कर में कांड, कॉल गर्ल की संदिग्ध मौत, युवक पर हत्या का शक

थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के चोटपुर कॉलोनी में एक युवक द्वारा घर पर बुलाई गई कॉल गर्ल की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है, जबकि स्थानीय लोग इसे हत्या का मामला मान रहे हैं। प्रारंभिक जांच में महिला के नाक और कानों से खून बहने के निशान मिले हैं, जिससे मौत के कारणों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस को देर रात सूचना मिली कि एक निजी अस्पताल में एक महिला को भर्ती कराया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि छीजारसी कॉलोनी का निवासी एक युवक ने महिला को ‘अयाशी’ के लिए हायर किया था और चोटपुर कॉलोनी स्थित अपने घर पर लाया था। सूत्रों के अनुसार, रात के करीब 2 बजे महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद घबराए युवक ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार, युवक से सख्ती से पूछताछ

थाना सेक्टर-63 के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया, “महिला की पहचान अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन वह कॉल गर्ल थी। युवक ने उसे कहां से बुलाया, इस बारे में वह टालमटोल कर रहा है। हम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जो मौत के सटीक कारण बता देगी। फिलहाल युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।” पुलिस ने युवक के फोन और कॉल रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है, साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ताजा अपडेट के मुताबिक, आज दोपहर तक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने की संभावना है। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, शव का पोस्टमॉर्टम आज सुबह ही कर लिया गया है, लेकिन विस्तृत रिपोर्ट 24 घंटे में उपलब्ध होगी। पुलिस ने मामले में अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं की है, लेकिन अगर हत्या या लापरवाही के सबूत मिले तो युवक के खिलाफ IPC की धारा 302 या 304 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, हत्या का आरोप

आसपास के निवासियों ने आरोप लगाया है कि महिला की हत्या की गई है। चोटपुर कॉलोनी की एक महिला निवासी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, “रात को चीखने की आवाजें सुनाई दी थीं। सुबह पता चला तो सब स्तब्ध हैं। युवक बार-बार ऐसी हरकतें करता है।” इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, और स्थानीय पार्षद ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर महिला या युवक के बारे में कोई जानकारी हो तो थाने में संपर्क करें। मामले की जांच जारी है, और आगे की ताजा जानकारी उपलब्ध होते ही अपडेट किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: गौतमबुद्धनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, हिंसा के आरोपी सत्यम और आकृति पर एनएसए, करोड़ों की विदेशी फंडिंग का खुलासा

यहां से शेयर करें