जनगणना 2027: ग्रेटर नोएडा में मकानों की ऑनलाइन स्वण्गणना शुरू, 21 मई आखिरी तिथि, जानिए सांसद-सीईओ ने खुद को कैसे किया रजिस्टर्ड

नोएडा। जिले में जनगणना 2027 के तहत बृहस्पतिवार से मकानों की ऑनलाइन स्वण्गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले ही दिन आम नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराई। शुरूआत में गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा और नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने ऑनलाइन खुद को दर्ज कराया।

जिलाधिकारी मेधा रूपम का बयान

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि यह स्व-गणना 21 मई तक चलेगी। इसके बाद मकानों की सूची बनाने और गणना करने का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नागरिकों को जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी भरनी होगी।

ऐसे करें स्व-गणना

स्व-गणना की प्रक्रिया में सबसे पहले परिवार के मुखिया को पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद 33 बिंदुओं पर आधारित एक प्रश्नावली भरनी होगी, जिसमें परिवार के मुखिया का नाम, परिवार में सदस्यों की संख्या, मकान की छत का प्रकार, पानी का स्रोत और पानी निकासी की व्यवस्था जैसी जानकारियां देनी होंगी। सभी सवालों के जवाब भरने के बाद विंडो को बंद करना होगा।

पहले दिन जनप्रतिनिधियों की कराई गई स्व-गणना

डीएम ने बताया कि पहले दिन प्राथमिकता के तौर पर जनप्रतिनिधियों की स्व-गणना कराई गई। तहसील के अधिकारी स्वयं जनप्रतिनिधियों के पास पहुंचे और उनकी गणना पूरी कराई। एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता ने दादरी विधायक तेजपाल नागर की ऑनलाइन स्व-गणना संपन्न कराई।

यहां से शेयर करें