गौतमबुद्ध नगर: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण से प्रभावित किसानों की मांगें पूरी न होने पर अब आंदोलन को और तेज करने की तैयारी है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो 20 मई के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट पर एक बड़ी महापंचायत कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को गांव रौनीजा में चल रहे धरने के दौरान किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्यौराज ने बताया कि किसान अपनी मांगों को लेकर पिछले 310 दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसी के विरोध में अब किसानों ने सीधे जीरो प्वाइंट पर दस्तक देने का निर्णय लिया है।
धरने के दौरान मास्टर श्यौराज के साथ मुख्य रूप से मनवीर सिंह, धर्मपाल सिंह, ओमपाल सिंह, सुनील भाटी, महेंद्र सिंह रावत, गजब सिंह, प्रताप नगर, उदयभान सिंह, अहमद खान, नरसिंह पाल मीणा और प्रमोद शर्मा सहित कई अन्य किसान नेता और ग्रामीण मौजूद रहे। किसानों का स्पष्ट कहना है कि अब वे अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।
यह भी पढ़ें : फैक्ट्री हादसा: पीएचई फटने से दो श्रमिकों की मौत, एक गंभीर

