नई दिल्ली। द्वारका के सेक्टर-24 स्थित गोल्फ कोर्स के तालाब में बृहस्पतिवार सुबह तीन बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चे चारदीवारी कूदकर गोल्फ कोर्स में घुसे थे और संभवतः नहाने के दौरान तालाब में डूब गए।
डीसीपी द्वारका के अनुसार, सुबह करीब 7:07 बजे पीएस सेक्टर-23 द्वारका को एक पीसीआर कॉल के जरिए तालाब में तीन बच्चों के डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसएचओ अपने स्टाफ के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और सभी संबंधित एजेंसियों को भी फौरन सतर्क किया गया। फायर ब्रिगेड की मदद से तीनों शवों को तालाब से बाहर निकाला गया। मृत बच्चों की उम्र करीब 8 से 10 साल के बीच बताई जा रही है। उनके कपड़े तालाब के बाहर मिले, जिससे नहाने के इरादे से वहां जाने की आशंका और पुख्ता होती है। पुलिस अभी तीनों बच्चों की पहचान करने और उनके परिजनों का पता लगाने में जुटी है। अब तक इलाके में मृतकों के हुलिए से मिलती-जुलती कोई गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं हुई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

