तमिलनाडु-बंगाल चुनाव में बयानों की आंधी: देश के दो बड़े राज्यों, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चुनावी गहमागहमी के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बयानों की तीखी जंग छिड़ी हुई है।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव (23 अप्रैल, मतगणना 4 मई) के प्रचार के दौरान खरगे ने एआईएडीएमके-भाजपा गठबंधन पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी को लेकर विवादित बयान दे दिया। उन्होंने मोदी के भाषणों पर आरोप लगाया कि इनसे शांति भंग हो सकती है और तनाव पैदा हो सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “ये AIADMK के लोग, जो खुद अन्नादुरई की फोटो लगाते हैं, वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करेगी। ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं; इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।”
उसके बाद PM मोदी पर अपनी टिप्पणी पर सफाई देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “वह (PM मोदी) लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं…मेरा मतलब है, मैं साफ करना चाहता हूं, कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं। ED, IT और CBI जैसी संस्थाएं उनके हाथ में हैं। वह डिलिमिटेशन भी अपने हाथ में लेना चाहते हैं।” भाजपा के तमिलनाडु चुनाव इंचार्ज पीयूष गोयल ने पलटवार करते हुए कहा, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर कहा, “… प्रधानमंत्री मोदी हम सभी के द्वारा चुने गए हैं… विपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी को आतंकवादी कहकर आज 8 करोड़ तमिलनाडु के लोगों का अपमान किया है। मल्लिकार्जुन खरगे और एम.के. स्टालिन ने 140 करोड़ भारतीयों को बेइज्जत किया है… मैं इसकी निंदा करता हूं और उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।”खरगे ने सवाल उठाया कि 2023 में सर्वसम्मति से पारित महिला आरक्षण बिल को 30 महीनों तक अधिसूचित क्यों नहीं किया गया और 16 अप्रैल, 2026 की रात 3 बजे अचानक इसे अधिसूचित किया गया।
परिसीमन मुद्दे पर हमला
होसुर की चुनावी रैली में खरगे ने कहा कि भाजपा जनसंख्या नियंत्रण, शिक्षा और मानव विकास में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक जैसे राज्यों की लोकसभा में आवाज दबाना चाहती थी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस-डीएमके गठबंधन ने एकजुट होकर संसद में परिसीमन के प्रयास को हराया।
बंगाल में भी खरगे का वार
पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान कूच बिहार की रैली में खरगे ने पूछा “क्या मोदी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं या प्रधानमंत्री बने रहना चाहते हैं?” उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम के लगातार चुनावी दौरे से सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है। साथ ही उन्होंने बंगाल के बकाया फंड और राज्य पर कर्ज का मुद्दा भी उठाया।
भाजपा का पलटवार
भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने तमिलनाडु में एनडीए की जीत पर भरोसा जताते हुए दावा किया कि राज्य में एनडीए की लहर दिख रही है। भाजपा ने खरगे के बयानों को “चुनावी हताशा” बताया और कांग्रेस पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी भी मैदान में
थूथुकुडी में राहुल गांधी ने आरएसएस को “तमिल विरोधी” बताया और आरोप लगाया कि एआईएडीएमके के नेता भ्रष्टाचार की कमजोरी की वजह से भाजपा के नियंत्रण में आ गए हैं। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होना है, वहीं पश्चिम बंगाल में भी चुनावी प्रक्रिया जोरों पर है। दोनों राज्यों में सत्ता की इस लड़ाई में बयानबाज़ी का दौर और तेज होने की उम्मीद है।

