गौतम बुद्ध नगर। जिले में डिप्थीरिया और टेटनस जैसी गंभीर बीमारियों से स्कूली बच्चों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में टेटनस-डिप्थीरिया (टीडी) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पात्र बच्चों को डीपीटी/टीडी बूस्टर डोज दी जाएगी।
किस कक्षा के बच्चों को कौन सा टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर के सिरोहा ने बताया कि अभियान को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। इसके तहत कक्षा 1 के बच्चों को डीपीटी-2 बूस्टर, कक्षा 4 और 5 के बच्चों को टीडी-10 तथा कक्षा 10 और 11 के विद्यार्थियों को टीडी-16 का टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्वयं स्कूलों में पहुंचकर यह टीकाकरण सुनिश्चित करेंगी।
कोई बच्चा न रहे वंचित
उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उबैद कुरैशी ने बताया कि विभाग का स्पष्ट लक्ष्य है कि एक भी बच्चा इस अभियान से छूटे नहीं। जिन बच्चों को पहले टीडी बूस्टर नहीं लग पाया था, वे भी इस अभियान के दौरान टीका लगवा सकते हैं।
पूरी तरह सुरक्षित और निःशुल्क
स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं हैं। कुछ बच्चों में हल्का बुखार या दर्द हो सकता है, जिसके लिए मौके पर ही एएनएम द्वारा दवा उपलब्ध कराई जाती है। टीकाकरण के बाद बच्चों को लगभग आधे घंटे तक निगरानी में रखा जाता है। यह टीका पूरी तरह निःशुल्क है।
अभिभावकों से अपील
डॉ. कुरैशी ने कहा कि अब पहले की तुलना में अभिभावकों में जागरूकता बढ़ी है, फिर भी कुछ लोग टीकाकरण को जरूरी नहीं समझते। ऐसे अभिभावकों को समझाया जा रहा है कि यह टीका बच्चों को टेटनस और डिप्थीरिया दोनों से सुरक्षित रखता है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 20, 21, 23, 24, 27, 28 और 30 अप्रैल को अपने बच्चों को स्कूल भेजें और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

