श्रम कानूनों की अनदेखी पड़ी भारी : 25 संविदाकारों के लाइसेंस निरस्त, शिक्षा एक्सपो भी टला

नोएडा/ग्रेटर नोएडा। श्रम कानूनों का पालन न करने वाले संविदाकारों पर श्रम विभाग की गाज गिरी है। नोटिस का जवाब न देने पर 25 संविदाकारों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। वहीं जिले में हुए हिंसक श्रमिक आंदोलन के चलते ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित भारत शिक्षा एक्सपो को भी टाल दिया गया है।

श्रम विभाग ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्यरत संविदाकारों द्वारा श्रम कानूनों के अनुपालन में बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर पहले कारण बताओ नोटिस जारी किए थे। अनेक संविदाकारों द्वारा नोटिस का कोई जवाब न दिए जाने पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस रद्द कर दिए। इसके साथ ही संबंधित संविदाकारों की सूची कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआई) और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (पीएफ) को भी भेजी गई है, ताकि दोनों संस्थाएं अपने-अपने अधिनियमों के तहत जांच कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित कर सकें।

अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों को समय पर वेतन देना, सुरक्षा मानकों का पालन करना और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना प्रत्येक संविदाकार की अनिवार्य जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले संविदाकारों के विरुद्ध आगे भी निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंसक आंदोलन की आंच में झुलसा शिक्षा एक्सपो

श्रमिक आंदोलन का असर शिक्षा क्षेत्र पर भी पड़ा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो एंड सेंटर मार्ट में 23 से 25 अप्रैल के बीच आयोजित होने वाला भारत शिक्षा एक्सपो का तीसरा संस्करण टाल दिया गया है। इस एक्सपो में प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र भाग लेने वाले थे। आंदोलन के दौरान हुई हिंसा को देखते हुए कई स्कूलों ने आयोजन में शामिल होने से मना कर दिया, जिसके बाद आयोजकों पर इसे स्थगित करने का दबाव बना।

छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अब यह एक्सपो मई के अंतिम सप्ताह में कराए जाने की उम्मीद है। एक्सपो मार्ट के अधिकारियों ने बताया कि आयोजन को फिलहाल टाला गया है और इसे बाद में अवश्य संपन्न कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस एक्सपो में एकेटीयू की ओर से प्रदेश के स्टार्टअप की शक्ति का प्रदर्शन भी किया जाता है और हर जिले के स्टार्टअप अपने उत्पाद पेश करते हैं।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा प्राधिकरण में भाकियू की बैठक : किसानों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

यहां से शेयर करें