New Delhi news द्वारका पुलिस ने जिले के छावला इलाके में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को दबोच लिया गया। पुलिस ने दोनों के पास से हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद किया है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 17 अप्रैल को श्याम विहार फेज-2 इलाके में एक व्यक्ति की हत्या की कोशिश की गई थी। छावला थाने में 18 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया। घटना में बाइक सवार दो बदमाशों ने शिकायतकर्ता पर नजदीक से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन पिस्टल में खराबी के कारण फायर नहीं हो सका। वारदात के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए थे।
द्वारका जिला पुलिस की एंटी आॅटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों की तलाश शुरू की। इस बीच हेड कांस्टेबल मनीष को मिली सटीक सूचना के आधार पर 19 अप्रैल की सुबह करीब 5:35 बजे यूईआर के पास दोनों आरोपियों को घेर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान पहचान 22 वर्षीय रॉकी और 24 वर्षीय सुमित उर्फ कोकी के रूप में हुई है। पुलिस ने जब उन्हें आत्मसमर्पण के लिए कहा तो रॉकी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। उसने तीन राउंड गोली चलाई, हमले में एक गोली हेड कांस्टेबल मनीष की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की और नियंत्रित फायरिंग में रॉकी के बाएं पैर में गोली मारकर उसे काबू कर लिया। इसके बाद सुमित को भी हथियार के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने घायल रॉकी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
New Delhi news

