Tire theft gang busted: थाना दादरी पुलिस ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए चार टायर एलॉय व्हील सहित, एक जैक, एक पाना, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को साबुद्दीन पुत्र जाफर निवासी नई आबादी, थाना दादरी (वर्तमान पता आरजी गार्डन) ने अपनी स्कॉर्पियो के चारों टायर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर थाना दादरी में मामला पंजीकृत कर तत्काल जांच शुरू की गई। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। टीमों ने साक्ष्य संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए आसिफ पुत्र सलीम निवासी आरजी एन्क्लेव, राजुद्दीन उर्फ राजू पुत्र मेहराजुद्दीन निवासी दादरी तथा एक बाल अपचारी को पेरिफेरल जारचा अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए टायर, औजार और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

