दिल्ली से देहरादून महज 3 घंटे में! अक्षरधाम से शुरू हुआ सफर, जाम की झंझट हुई खत्म

नई दिल्ली। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे पर सफर करना अब एक अलग ही अनुभव है। दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर से शुरू होकर उत्तर प्रदेश होते हुए उत्तराखंड तक पहुंचने वाला यह एक्सप्रेस वे यात्रियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। करीब दोपहर 12 बजे अक्षरधाम से शुरू हुआ सफर उत्तराखंड में दोपहर 3 बजे खत्म हुआ, यानी महज तीन घंटे में दिल्ली से देहरादून।

अक्षरधाम से शुरू होते ही मिली राहत

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का प्रवेश बिंदु दिल्ली का प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर है। एलिवेटेड कॉरिडोर पर चढ़ते ही वाहन सिग्नल-फ्री उड़ान भरने लगा। हालांकि अक्षरधाम से गांधी नगर मार्केट तक करीब ढाई किलोमीटर की दूरी में स्थानीय और बाहरी यातायात साथ-साथ चलता रहा, लेकिन आगे डेडिकेटेड कॉरिडोर शुरू होते ही वाहनों की आपसी उलझन भी दूर हो गई।

निकास-प्रवेश मार्गों पर भी नहीं पड़ा कोई असर

एक्सप्रेस वे पर एक के बाद एक पड़ने वाले निकास और प्रवेश मार्गों पर बाहर निकलते और अंदर आते वाहनों ने मुख्य मार्ग पर कोई अड़चन नहीं पैदा की। पहला निकासी मार्ग खजूरी खास पर दिखा, जहां से वजीराबाद और दिल्ली-करनाल रोड की तरफ जाने वाले वाहन एक्सप्रेस वे छोड़ते नजर आए। इसके बावजूद मुख्य एक्सप्रेस वे पर रफ्तार जरा भी कम नहीं हुई।

राजधानी की सरहदों पर नहीं दिखीं रेंगती कतारें

यह नजारा उन लोगों के लिए किसी सुखद आश्चर्य से कम नहीं था, जो दिल्ली की सीमाओं पर घंटों रेंगने के आदी हो चुके हैं। राजधानी की सरहदों पर वाहनों की वे लंबी-लंबी कतारें, जो पहले आम बात थीं, इस एक्सप्रेस वे पर नदारद दिखीं। दिल्ली में होते हुए भी यह एहसास हुआ कि यह महज एक सड़क नहीं है।

जाम से कराहती धमनियों की ‘बाईपास सर्जरी’

यह एक्सप्रेस वे राजधानी की उन सड़कों के लिए बाईपास सर्जरी जैसा है, जो वर्षों से भीड़भाड़ और जाम से कराहती रही हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाला यह एक्सप्रेस वे न केवल यात्रा का समय घटाता है, बल्कि सफर को तनावमुक्त और सुगम भी बनाता है।

यात्रियों के लिए क्या है खास

इस एक्सप्रेस वे की सबसे बड़ी खासियत इसका एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो शहरी यातायात से पूरी तरह अलग और सिग्नल-फ्री है। स्थानीय यातायात के लिए अलग निकास मार्ग होने से लंबी दूरी के यात्रियों की रफ्तार पर कोई असर नहीं पड़ता। दिल्ली से देहरादून का सफर, जो पहले 6 से 7 घंटे तक खिंच जाता था, अब महज 3 घंटे में पूरा हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें: 15 अप्रैल तक पूरी कराएं फार्मर रजिस्ट्री, वरना नहीं मिलेगी पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त : डीएम

यहां से शेयर करें