गौतमबुद्धनगर। थाना रबूपुरा पुलिस ने 7 अप्रैल 2026 को एक साहसिक कार्रवाई करते हुए पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने वाले एक कुख्यात बदमाश को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त की पहचान संजू पुत्र रुक्का उर्फ लुक्का, निवासी शेखपुर, थाना चांदहट, जिला पलवल, हरियाणा, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है।
कैसे हुई मुठभेड़?
थाना रबूपुरा पुलिस कार्गो टी पॉइंट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस पार्टी ने उसका पीछा किया। चारों तरफ से घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। इसके जवाब में पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

बरामदगी
अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस (नाल में फंसा हुआ), एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
लंबा आपराधिक इतिहास
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त संजू पहले से ही थाना रबूपुरा में तीन संगीन मामलों में वांछित था, जिनमें गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराएं शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा के थाना कैम्प और फरीदाबाद में भी पशु क्रूरता निवारण अधिनियम व गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत उसके विरुद्ध मामले दर्ज हैं। कुल मिलाकर अभियुक्त पर पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

