घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़, आरोपी रंगे हाथों गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा। आपूर्ति विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दादरी क्षेत्र में एक व्यक्ति को रंगे हाथों दबोचा। आरोपी घरेलू एलपीजी सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे गैर-मानक सिलेंडरों में भरकर अवैध कमाई कर रहा था। मौके से घरेलू गैस सिलेंडर, नॉन-आईएसआई सिलेंडर और रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।

कैसे हुई कार्रवाई

प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि बीती शाम करीब 5 बजे थाना दादरी क्षेत्र के नत्थू चौक स्थित तुलसी विहार कॉलोनी में विनय कुमार के मकान पर छापेमारी की गई। सूचना के आधार पर पहुंची संयुक्त टीम ने आरोपी को मौके पर ही अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा।

क्या-क्या हुआ बरामद

छापेमारी के दौरान मौके से विभिन्न कंपनियों के कई घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें भरे और खाली दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा एक 5 किलोग्राम का छोटा नॉन-आईएसआई सिलेंडर भी जब्त किया गया। अवैध रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों में इलेक्ट्रॉनिक वजनी मशीन, रिफिलिंग नोजल युक्त मशीन तथा रबर पाइप सहित रेगुलेटर भी बरामद किए गए।

जान के लिए भी था खतरा

अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की अवैध गतिविधियां न केवल एलपीजी की आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, बल्कि बिना मानक जांच के तैयार किए गए इन सिलेंडरों से विस्फोट और आग जैसी बड़ी दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। गैर-आईएसआई सिलेंडरों में किसी भी सुरक्षा मानक का पालन नहीं होता, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की जान को भी गंभीर जोखिम था।

मुकदमा दर्ज, कानूनी शिकंजा कसा

जांच में पाया गया कि यह कृत्य द्रवित पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण का विनियमन) आदेश-2000 का स्पष्ट उल्लंघन है। पुलिस ने आरोपी विनय कुमार और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत थाना दादरी में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आगे की जांच जारी है।

 

यह भी पढ़ें: भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम तेज: करप्शन फ्री इंडिया ने ओमिक्रॉन थर्ड में किया संगठन का विस्तार, कई पदाधिकारी नियुक्त

यहां से शेयर करें