पुलिस ने एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाला आरोपी दबोचा

New Delhi news  बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने बवाना इलाके में अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों के भंडारण और कालाबाजारी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 75 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने शुक्रवार को बताया कि दो अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि बवाना के डीएसआईआईडीसी सेक्टर-2 इलाके में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण और परिवहन किया जा रहा है।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर जिला पार्क के पास पिकेट लगाकर निगरानी शुरू की। शाम करीब चार बजे एक टाटा ऐस वाहन को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें 27 एलपीजी सिलेंडर मिले। पुलिस पूछताछ में चालक की पहचान औचंदी गांव निवासी अनिल (50) के रूप में हुई। पूछताछ में वह सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने और भी सिलेंडर पास के कमरों में छिपाकर रखे हैं। इसके बाद पुलिस ने उसके बताए स्थान पर छापा मारकर अलग-अलग कमरों और एक लोहे के शेड से 48 अतिरिक्त सिलेंडर बरामद किए। इस तरह कुल 75 सिलेंडर जब्त किए गए।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार, बरामद सिलेंडरों में घरेलू और कमर्शियल दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल हैं, जिनमें कई भरे हुए थे। पुलिस के मुताबिक ये सिलेंडर बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के रखे गए थे, जिससे आसपास के इलाके में बड़ा खतरा बना हुआ था।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपी अवैध रूप से सिलेंडरों का भंडारण कर उनकी कालाबाजारी में शामिल था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, जिसमें सप्लाई चेन, खरीदारों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें