ग्रेटर नोएडा: नोएडा के सेक्टर-142 थाना क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवती ने ऑटो चालक की संदिग्ध गतिविधियों और गलत नीयत को भांपते हुए अपनी जान बचाने के लिए चलते ऑटो से छलांग लगा दी। घटना 25 मार्च की रात की बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला? पीड़ित युवती, जो नोएडा के सेक्टर-45 स्थित एक पीजी में रहती है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है, सेक्टर-142 स्थित सुपरटेक इको सिटी के पास एक कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। रात करीब 11:55 बजे उसने घर वापस जाने के लिए रैपिडो (Rapido) ऐप के जरिए एक ऑटो बुक किया।
पर्सनल बुकिंग के बावजूद बैठा था दूसरा युवक युवती का आरोप है कि उसने ‘पर्सनल’ ऑटो बुक किया था, लेकिन जब ऑटो पहुँचा तो चालक के बगल में एक अन्य युवक पहले से सवार था। रात अधिक होने और कोई अन्य विकल्प न दिखने के कारण युवती मजबूरी में ऑटो में बैठ गई। आरोप है कि बैठते ही चालक ने ऑटो को बेहद तेज और लापरवाही से चलाना शुरू कर दिया, जिससे युवती अनहोनी की आशंका से डर गई। अपनी सुरक्षा को खतरे में देख, युवती करीब 300 मीटर की दूरी पर ही चलते ऑटो से बाहर कूद गई, जिससे उसे मामूली चोटें भी आईं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच घटना के बाद युवती ने महिला हेल्पलाइन पर सूचना दी, जिसके बाद सेक्टर-142 थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में कुछ अलग तथ्य भी सामने आए हैं:
-
किराये का विवाद: पुलिस का कहना है कि ऑटो में चालक के साथ उसका ममेरा भाई सवार था। युवती द्वारा दो सवारियों का विरोध करने पर किराये को लेकर विवाद हुआ था।
-
गिरफ्तारी: थाना प्रभारी के अनुसार, मामला दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: नोएडा: हरौला में खुला नया वाटर एटीएम, विधायक पंकज सिंह ने किया उद्घाटन

