रिंकू सिंह ने सीएम योगी का जताया आभार, खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात

Rinku Singh :

Rinku Singh : लखनऊ। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने वीडियो संदेश जारी कर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी पद पर नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने एशियन गेम्स के लिए तीन करोड़ रुपये की सम्मान राशि दिए जाने पर भी धन्यवाद दिया। रिंकू सिंह ने बताया कि आईपीएल मैच में व्यस्तता के कारण वह मंगलवार को नियुक्ति पत्र नहीं ले सके, लेकिन जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इसे प्राप्त करेंगे।

Rinku Singh :

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि अगले वर्ष से लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार की राशि बढ़ाकर 10-10 लाख रुपये कर दी जाएगी। वर्तमान में यह राशि 3.11 लाख रुपये है। उन्होंने खेल विभाग को इस संबंध में प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।

लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले छह खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र वितरित किए, जबकि नौ खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा नौ खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि और 19 खिलाड़ियों को एकलव्य कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जितनी मेहनत और पसीना बहाया जाएगा, सफलता उतनी ही करीब होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने खेल बजट में कई गुना बढ़ोतरी की है और पिछले नौ वर्षों में खिलाड़ियों को 200 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।

प्रदेश में खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए हर विकास खंड में मिनी स्टेडियम और हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसका लोकार्पण मई-जून में प्रस्तावित है।

सरकार द्वारा ओलंपिक पदक विजेताओं को भी आकर्षक पुरस्कार दिए जाते हैं—स्वर्ण पदक पर 6 करोड़, रजत पर 4 करोड़ और कांस्य पदक पर 2 करोड़ रुपये। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। कार्यक्रम में रिंकू सिंह आईपीएल व्यस्तता के चलते शामिल नहीं हो सके।

Rinku Singh :

यहां से शेयर करें