ट्रंप ने पीएम मोदी से पश्चिम एशिया संकट पर की बात, होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रखने पर जोर

Trump-PM Modi:

भारत ने तनाव कम करने, शांति बहाली का समर्थन किया

Trump-PM Modi: नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच मंगलवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई और क्षेत्र में शांति बहाली के प्रयासों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, भारत ने स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य को किसी भी हाल में बंद नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। दोनों देशों ने इस मुद्दे पर लगातार संपर्क बनाए रखने का निर्णय लिया।

Trump-PM Modi:

प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर कहा कि भारत पश्चिम एशिया में जल्द से जल्द तनाव कम करने और शांति स्थापित करने का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को “खुला, सुरक्षित और सुलभ” बनाए रखना पूरी दुनिया के हित में है।

अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर ने भी बातचीत की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात और समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया।

क्षेत्रीय तनाव से वैश्विक चिंता बढ़ी
ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ती तकरार के कारण क्षेत्रीय स्थिरता के साथ-साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी खतरा मंडरा रहा है। हालिया घटनाक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कई प्रमुख देशों के नेताओं से संपर्क साधा है।

इनमें ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमाद अल थानी, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारीक, जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय, बहरीन के किंग हमाद बिन ईसा अल खलीफा और कुवैत के अमीर शेख मिशाल अल अहमद अल जाबेर अल सबाह शामिल हैं।

Trump-PM Modi:

यहां से शेयर करें