पुलिस के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी पेरोल जंपर योगेश उर्फ टिल्लू

New Delhi news  द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने वीरवार को लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी कुख्यात अपराधी और पैरोल जंपर योगेश उर्फ टिल्लू को दिचाऊं डिपो के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
द्वारका जिला के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि योगेश उर्फ टिल्लू कृष्ण पहलवान गैंग से जुड़ा रहा है और उस पर कुख्यात कालू बंजारा हत्याकांड (2018) समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अदालत ने उसे चार मामलों में घोषित अपराधी भी घोषित किया था।
द्वारका पुलिस के मुताबिक आरोपी वर्ष 2020 में पेरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन पैरोल अवधि खत्म होने के बाद वह फरार हो गया और तब से पुलिस को चकमा दे रहा था। कालू बंजारा हत्याकांड में उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को 10 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि योगेश उर्फ टिल्लू किसी से मिलने दिचाऊं डिपो के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और मौके पर पहुंचते ही उसे पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2009 में उसने अपहरण और डकैती के मामले से अपराध की दुनिया में कदम रखा था। जेल में उसकी मुलाकात गैंगस्टर दर्शन डाबस से हुई, जिसके बाद उसने गैंग बनाकर आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दीं।
वर्ष 2016 में कृष्ण पहलवान के फार्महाउस पर उसके दो निजी सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी के मामले में भी वह शामिल रहा। इसके बाद 2018 में कालू बंजारा की हत्या में भी उसकी भूमिका सामने आई थी।
मुंबई में छिपकर होटल में कर रहा था काम
पुलिस जांच में पता चला कि फरारी के दौरान वह मुंबई में रह रहा था और एक होटल में काम कर रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह अलग-अलग लोगों के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करता था।

New Delhi news

यहां से शेयर करें