एक मिनट 23 सेकंड के इस टीजर में डर और हंसी का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है। टीजर की शुरुआत एक अंधेरी रात में रहस्यमयी हवेली से होती है, जहां परछाइयां और अजीब आवाजें माहौल को डरावना बनाती हैं। वयोवृद्ध अभिनेता असरानी की आवाज में “वधूसुर आएगा” का संवाद दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा देता है। इसके बाद अक्षय कुमार अपनी चिर-परिचित ऊर्जा के साथ हवेली में प्रवेश करते हैं और उसे “बकिंघम पैलेस” से तुलना करते हुए माहौल को हल्का-फुल्का बना देते हैं।
टीजर में राजपाल यादव के साथ कॉमिक दृश्य और परेश रावल की बेहतरीन टाइमिंग दर्शकों को पुरानी यादगार फिल्मों की याद दिलाती है। सोशल मीडिया पर भी दर्शकों ने इसे ‘हंगामा’, ‘भूल भुलैया’ और ‘गर्व’ जैसी क्लासिक फिल्मों की झलक बताते हुए जमकर सराहा है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव, वामीका गब्बी, असरानी और मनोज जोशी जैसे दिग्गज कलाकार हैं। इसे बालाजी मोशन पिक्चर्स (एकता कपूर, शोभा कपूर) और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने निर्मित किया है। स्वयं अक्षय कुमार भी इस फिल्म के निर्माताओं में शामिल हैं। ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर और गाने अभी जारी होने बाकी हैं, लेकिन टीजर ने ही दर्शकों में इस फिल्म को लेकर खासा उत्साह पैदा कर दिया है।

