नोएडा: आगामी त्योहारों के मद्देनजर नोएडा पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। हाल ही में सोशल मीडिया और प्रशासनिक गलियारों में नोएडा पुलिस की दो महत्वपूर्ण तस्वीरें चर्चा का विषय बनी हुई हैं, जो शहर में ‘समान सुरक्षा, समान सम्मान’ की नीति को चरितार्थ कर रही हैं। इन तस्वीरों के माध्यम से पुलिस कमिश्नर ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है।
विभिन्न समुदायों से सीधा संवाद
पहली तस्वीर में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह हिंदू पक्ष के प्रतिनिधियों और संभ्रांत व्यक्तियों के साथ बैठक करती नजर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने होली के त्योहार को लेकर की गई तैयारियों, संवेदनशील इलाकों और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तार से चर्चा की। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रंगों का यह त्योहार बिना किसी हुड़दंग और व्यवधान के संपन्न हो।
वहीं, दूसरी ओर नोएडा के सेक्टर-8 स्थित जामा मस्जिद के बाहर की तस्वीर पुलिस के समावेशी दृष्टिकोण को दर्शाती है। यहाँ पुलिस अधिकारियों ने मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। चूंकि रमज़ान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है, इसलिए पुलिस ने इबादत के समय, भीड़ प्रबंधन और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा चाक-चौबंद रखने का आश्वासन दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
पुलिस कमिश्नर ने दोनों समुदायों से बातचीत के दौरान कुछ प्रमुख बिंदुओं पर जोर दिया:
- अफ़वाहों पर लगाम: सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक जानकारी को साझा न करने और पुलिस को तुरंत सूचित करने की अपील की गई।
- सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी: भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील रास्तों पर तीसरी आंख का पहरा रहेगा।
- मिश्रित आबादी में गश्त: पुलिस ने साफ किया कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
विश्वास बहाली की कोशिश
इन मुलाकातों का सबसे सकारात्मक पहलू जनता और पुलिस के बीच बढ़ता विश्वास है। सेक्टर-8 जामा मस्जिद के पास मौजूद लोगों का कहना है कि पुलिस का इस तरह खुद उनके पास आकर सुरक्षा का जायजा लेना एक सुखद अनुभव है। वहीं, होली समिति के सदस्यों ने भी पुलिस की इस सक्रियता की सराहना की है।
पुलिस कमश्निर का बयान
पुलिस कमश्निर लक्ष्मी सिंह का कहना है “हमारा लक्ष्य है कि नोएडा का हर नागरिक अपने त्योहार को पूरे उत्साह और बिना किसी डर के मनाए। पुलिस प्रशासन सभी को सुरक्षित माहौल देने के लिए कटिबद्ध है।”

