Nurse negligence at Ghaziabad Sarvodaya Hospital: कैंची से कट गई 9 महीने की मासूम बच्ची की उंगली; FIR दर्ज, जांच जारी

Nurse negligence at Ghaziabad Sarvodaya Hospital: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कविनगर स्थित सर्वोदय अस्पताल में इलाज के दौरान घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। 27 फरवरी को डिस्चार्ज के समय नर्स ने कैंची से 9 महीने की बच्ची की उंगली का एक हिस्सा काट दिया। बच्ची की उंगली का कटा हुआ टुकड़ा जमीन पर गिर गया। पीड़ित परिवार ने नर्स और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कविनगर थाने में FIR दर्ज कराई है।

बच्ची का नाम श्री त्यागी है। उसके पिता अंकुश त्यागी हापुड़ जिले के दादरी गांव के रहने वाले हैं। बच्ची को 24 फरवरी को निमोनिया के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद 27 फरवरी को जब डिस्चार्ज की प्रक्रिया चल रही थी, तब हाथ से कैनुला निकालते समय नर्स ने टेप काटने के लिए कैंची का इस्तेमाल किया। इसी दौरान लापरवाही बरती गई और बच्ची की उंगली कट गई। परिवार ने अस्पताल पर मेडिकल स्टैंडर्ड की अनदेखी और अप्रशिक्षित स्टाफ रखने का आरोप लगाया है। अंकुश त्यागी ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने शुरू में घटना को कम करके आंकने की कोशिश की, लेकिन परिवार के दबाव के बाद ही उचित कार्रवाई की गई।

अस्पताल का बयान
अस्पताल के मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. नीरज गर्ग ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “कैनुला निकालते समय उंगली का एक छोटा हिस्सा कट गया था। प्लास्टिक सर्जन द्वारा तुरंत ऑपरेशन किया गया। बच्ची की हालत अब स्थिर है और डॉक्टरों का कहना है कि जल्द ही वह पूरी तरह स्वस्थ हो जाएगी।” अस्पताल ने बच्ची को तत्काल प्राथमिक उपचार भी दिया।

पुलिस कार्रवाई
कविनगर थाने में अंकुश त्यागी की शिकायत पर नर्स और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने पुष्टि की कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मेडिकल रिकॉर्ड और स्टाफ के बयान दर्ज कर रही है।

वर्तमान स्थिति
बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्लास्टिक सर्जरी के बाद डॉक्टर पूर्ण रिकवरी की उम्मीद जता रहे हैं। परिवार ने उचित मुआवजा और दोषी स्टाफ पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना चिकित्सा क्षेत्र में लापरवाही के बढ़ते मामलों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा तेज है और लोग अस्पतालों में सुरक्षा मानकों की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Holi Milan Celebration: भक्तिभाव से सम्पन्न हुआ फूलों की होली उत्सव

यहां से शेयर करें